ग्वालियर में फेसबुक की दोस्ती के बाद शेयर मार्केट के नाम पर युवक से करीब 2 लाख की ठगी
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
ग्वालियर के पड़ाव थाना क्षेत्र के एक युवक का आरोप है कि फेसबुक पर बनी दोस्ती के बाद निवेश के नाम पर उससे करीब 2 लाख रुपए ठगे गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।
ग्वालियर में फेसबुक पर दोस्ती करके ऑनलाइन निवेश के नाम पर एक युवक से करीब 2 लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पड़ाव पुलिस ने सोमवार सुबह मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पड़ाव थाना क्षेत्र में झंडाधारी हनुमान मंदिर के पास रहने वाले देवेंद्र कुमार ने पुलिस को बताया कि कुछ महीने पहले फेसबुक पर उनकी दोस्ती 'अपूर्वा रेड्डी' नाम की आईडी वाली एक लड़की से हुई थी। शुरू में दोनों के बीच ऑनलाइन चैटिंग होती थी। धीरे-धीरे बातचीत बढ़ी तो मोबाइल पर भी बात होने लगी।
देवेंद्र के मुताबिक जब उनका भरोसा अपूर्वा पर बढ़ गया, तो उसने ऑनलाइन कमाई का ऑफर दिया। उसने कहा कि शेयर मार्केट में निवेश करके घर बैठे अच्छी कमाई की जा सकती है। इसके बाद उसने देवेंद्र को एक वेबसाइट का लिंक भेजा।
देवेंद्र ने उस वेबसाइट पर अपनी आईडी बनाई और शुरुआत में छोटी रकम लगाई। वेबसाइट पर उन्हें मुनाफा और कमीशन जुड़ता हुआ दिखाई दिया, तो उन्हें लगा कि निवेश की यह स्कीम सही है। ज्यादा कमाई के लालच में उन्होंने अपनी एफडी तुड़वा ली और वेबसाइट पर पैसे लगाते चले गए। कुल मिलाकर उन्होंने करीब 2 लाख रुपए लगा दिए।
वेबसाइट के वॉलेट में अच्छी-खासी रकम दिखने पर देवेंद्र ने पैसे निकालने की कोशिश की, लेकिन ट्रांजेक्शन फेल होने लगे। उन्होंने इस बारे में अपूर्वा से बात की तो वह टालमटोल करने लगी। बाद में उसने अपना मोबाइल नंबर बंद कर लिया। देवेंद्र ने सोशल मीडिया पर भी कई मैसेज किए, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला।
ठगी का अहसास होने पर देवेंद्र पड़ाव थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। पड़ाव थाना प्रभारी शैलेन्द्र भार्गव ने बताया कि युवक के साथ सोशल मीडिया के जरिए निवेश के नाम पर धोखाधड़ी हुई है। एक युवती ने पहले उससे दोस्ती की और फिर निवेश कराकर ठगी की। मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।