बुधवार, 18 नवंबर 2026

अभी सब्सक्राइब करें
प्राइम अलर्ट
सारे लाइव अपडेट

गुना में बिजली को लेकर किसान सड़क पर, पूर्व मंत्री सिसोदिया और विधायक अग्रवाल ने भी उठाया मुद्दा

दिन की रोशनी में किसान सड़क पर बैठे हैं, ट्रैक्टर और ट्रक रास्ता रोके खड़े हैं तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
शहर PT24 शहर डेस्क

गुना के किसान रबी की बोवनी के बीच सिर्फ तीन-चार घंटे बिजली मिलने से परेशान हैं। रविवार को उन्होंने पगारा में चक्काजाम किया। शुक्रवार को पूर्व मंत्री और विधायक ने भी अफसरों से बिजली मांगी।

गुना में खेती के लिए बिजली न मिलने से किसानों का गुस्सा बढ़ता जा रहा है। रविवार को नाराज किसानों ने पगारा गांव में गुना अशोकनगर रोड पर चक्काजाम कर दिया। इससे ठीक पहले शुक्रवार को पूर्व मंत्री महेंद्र सिंह सिसोदिया और बमोरी विधायक ऋषि अग्रवाल ने कलेक्टर के सामने ही बिजली की समस्या उठाई थी। दोनों ने एक स्वर में बिजली कंपनी के अधिकारी से कहा कि भाषण नहीं सुनना, किसानों को बिजली चाहिए।

इस समय रबी सीजन की बोवनी चल रही है और किसान खेत तैयार करने के लिए पानी दे रहे हैं। ऐसे में पानी और बिजली की सबसे ज्यादा जरूरत है। इस बार बारिश कम होने से वाटर लेवल भी नीचे चला गया है, इसलिए किसानों को मोटर और नीचे उतारनी पड़ी है।

किसानों का कहना है कि खेती के लिए दिन में दस घंटे बिजली देने का वादा है, लेकिन उन्हें सिर्फ चार घंटे ही बिजली मिल रही है। वह भी ठीक से नहीं मिलती। हर आधे घंटे में बिजली काट दी जाती है और वोल्टेज भी ठीक नहीं मिल रहा। इससे किसानों को काफी परेशानी हो रही है।

शुक्रवार को बमोरी इलाके के फतेहगढ़ में मुख्यमंत्री जन विश्वास शिविर लगा था। वहां किसानों ने बिजली की समस्या रखी। पूर्व मंत्री महेंद्र सिंह सिसोदिया ने बिजली कंपनी के अधिकारियों से कहा, "पांच मिनट लाइट नहीं जलती। कह-कह कर हम लोग थक चुके हैं। अब आप ये टॉप प्रायोरिटी पर नोट कर लो, तार टूटे हों तो शाम तक ठीक कराइए। जो करना है करिए, हमारे किसान को लाइट मिलना चाहिए। हम लोग भाषण सुनने के लिए नहीं आए हैं।"

इसी शिविर में मौजूद बमोरी विधायक ऋषि अग्रवाल ने कहा, "आप तो इनसे (बिजली कंपनी के अधिकारियों से) इतना बोल दीजिए कि मेरे किसानों को लाइट चाहिए, तो चाहिए। फुल वोल्टेज के साथ आठ घंटे लाइट चाहिए। बमोरी में इतने सब स्टेशन होने के बावजूद भी व्यवस्था ठीक नहीं हो पा रही है। इसके बाद भी अगर किसान परेशान है, तो कहीं न कहीं ये विद्युत कंपनी का फॉल्ट है। किसानों के चेहरे देखिए, ये बेचारे रात को सो नहीं पाते।"

रविवार को इमझरा, बल्लापुर सहित कई गांवों के किसान सुबह 11:30 बजे गुना अशोकनगर रोड पर पगारा पहुंचे और सड़क पर बैठ गए। उन्होंने दोनों तरफ ट्रैक्टर ट्रॉली लगाकर रास्ता बंद कर दिया, जिससे दोनों तरफ गाड़ियों की कतारें लग गईं।

सूचना मिलते ही तहसीलदार सुनील वर्मा और कैंट थाना प्रभारी TI अनूप भार्गव मौके पर पहुंचे और किसानों को समझाया। किसानों का कहना था कि दस घंटे का वादा करके सिर्फ तीन-चार घंटे लाइट दी जा रही है। चक्काजाम दोपहर 2:30 बजे तक चला। तहसीलदार ने किसानों से कहा कि वे फीडर पर चलें, वहीं बिजली कंपनी के अधिकारियों को बुलाया जाएगा और सामने बात होगी। इसके बाद किसान माने और जाम हटा दिया।

इमझरा गांव के किसान सुनील रघुवंशी ने बताया कि लाइट दी ही नहीं जा रही। आती भी है तो हर आधे घंटे में कट जाती है, जिससे खेत में पानी नहीं लग पा रहा। उन्होंने कहा कि दस घंटे में से सिर्फ चार घंटे लाइट मिल रही है और बिजली कंपनी के अधिकारी सुनते नहीं, इसीलिए जाम लगाया गया।

किसान मिथुन ने बताया कि मेंटिनेंस के नाम पर लाइट काट ली जाती है, लेकिन किसानों को बिजली नहीं मिल रही। दस घंटे में से चार घंटे भी बिजली नहीं दी जा रही। किसानों ने मांग की है कि सरकार वादे के मुताबिक रोजाना दस घंटे बिजली उपलब्ध कराए।

#इंदौर#शहर#PT24#Civic#Indore

गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।

विज्ञापन