ग्वालियर में मामा के दामाद पर 3 लाख की ठगी का आरोप, बैंक कर्मी बताकर थमाई फर्जी FDR
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
ग्वालियर की पुरानी छावनी में एक महिला ने रिश्तेदार पर खाते से 3 लाख रुपये निकालने और फर्जी एफडीआर देने का आरोप लगाया है। कोर्ट के आदेश पर धोखाधड़ी का केस दर्ज हुआ है।
ग्वालियर के पुरानी छावनी इलाके में एक महिला के साथ 3 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। महिला का आरोप है कि उनके मामा के दामाद ने खुद को इंडियन ओवरसीज बैंक का कर्मचारी बताकर उनके खाते से रकम निकाली और भरोसा दिलाने के लिए 1 लाख 20 हजार रुपये की फर्जी एफडीआर थमा दी। पुलिस में सुनवाई नहीं हुई तो महिला अदालत पहुंचीं। अब कोर्ट के आदेश पर पुरानी छावनी थाना पुलिस ने सोमवार सुबह आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है।
अदालत में परिवाद 33 साल की भगवती प्रजापति ने दायर किया है। वे पुरानी छावनी क्षेत्र में स्टोन पार्क, फ्रूट मंडी के सामने शिव नगर में रहती हैं। उन्होंने बताया कि इंडियन ओवरसीज बैंक में उनका बचत खाता है। लश्कर की शिंदे की छावनी में रहने वाला सोनू प्रजापति रिश्ते में उनका मामा का दामाद लगता है और करीब तीन साल से उनके घर आता-जाता था।
भगवती के मुताबिक सोनू ने खुद को इंडियन ओवरसीज बैंक का कर्मचारी बताया और कहा कि वह उनके पैसों की एफडी करवा देगा। इसी भरोसे में लेकर वह हर महीने घर आता, बैंक की पर्चियों पर उनसे दस्तखत करवाता और खाते से पैसे निकाल लेता था। इस तरह कुल 3 लाख रुपये निकाले गए। भगवती ने एफडी के कागज मांगे तो आरोपी टालमटोल करता रहा।
करीब एक साल बाद भगवती ने सख्ती दिखाई और कहा कि या तो पैसे लौटाए जाएं या एफडी दी जाए। इस पर आरोपी ने 1 लाख 20 हजार रुपये की एफडीआर लाकर दे दी। साथ ही बाकी 1 लाख 80 हजार रुपये की एफडी जल्द देने का वादा किया।
30 सितंबर 2025 को भगवती एफडी की रकम का भुगतान लेने बैंक गईं। वहां कर्मचारियों ने कागज जांचने के बाद बताया कि एफडीआर फर्जी और कूटरचित है। बैंक ने ऐसी कोई एफडी जारी ही नहीं की थी। ठगी का पता चलने पर भगवती ने सोनू से बात की। आरोप है कि उसने बदतमीजी की, रुपये लौटाने से मना कर दिया और धमकी दी कि 'जो करना है कर लो।'
भगवती ने इसकी शिकायत थाने और पुलिस अधीक्षक कार्यालय में की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी (JMFC) ग्वालियर की अदालत में परिवाद पेश किया। सुनवाई के बाद कोर्ट ने आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच करने का आदेश दिया। इसी आदेश के पालन में पुरानी छावनी थाना पुलिस ने सोमवार को सोनू प्रजापति के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।