रविवार, 15 नवंबर 2026

अभी सब्सक्राइब करें
प्राइम अलर्ट
सारे लाइव अपडेट

छतरपुर में यादव महासभा के प्रदर्शन की तैयारी, स्टेशन पर बैरिकेडिंग और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात

रेलवे स्टेशन के बाहर पुलिसकर्मी बैरिकेड के पास खड़े हैं, पास में वाहन और ऑटो हैं तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
PT24 इंदौर टीम

धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के कथित बयान के विरोध में यादव महासभा के प्रदर्शन और बागेश्वर धाम तक रैली के ऐलान पर छतरपुर में पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा दी है।

बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के कथित बयान के विरोध में यादव महासभा ने शुक्रवार को छतरपुर में प्रदर्शन करने का ऐलान किया है। महासभा छतरपुर से बागेश्वर धाम तक रैली निकालने की भी तैयारी में है। इसे देखते हुए पुलिस ने रेलवे स्टेशन समेत शहर और धाम के आसपास सुरक्षा कड़ी कर दी है।

छतरपुर रेलवे स्टेशन और उसके आसपास पुलिस बल तैनात है। स्टेशन परिसर में तीन जगह बैरिकेडिंग की गई है और स्टेशन के बाहर भी बैरिकेड लगाए गए हैं। मौके पर महिला पुलिसकर्मी, वरिष्ठ अधिकारी, वज्र वाहन और अतिरिक्त पुलिस बल मौजूद है। सुरक्षा के लिए जोन से भी अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया है।

अखिल भारतवर्षीय यादव महासभा ने कथावाचक पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के कथित बयान पर आपत्ति जताई है। महासभा का आरोप है कि इस बयान से भगवान श्रीकृष्ण और यादव समाज की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष जगदीश यादव के निर्देश पर आज प्रदर्शन का ऐलान किया गया है।

इसी बीच महासभा के पदाधिकारी पुष्पेंद्र यादव का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया था। उसमें वे छतरपुर से बागेश्वर धाम तक रैली निकालने और धाम में तालाबंदी करने की बात कहते दिखे थे।

सोशल मीडिया पर दोनों पक्ष वीडियो जारी कर रहे हैं। एक तरफ यादव महासभा के पदाधिकारी विरोध प्रदर्शन से जुड़े वीडियो साझा कर रहे हैं। दूसरी तरफ बागेश्वर धाम और बाबा बागेश्वर के समर्थक भी वीडियो डाल रहे हैं, जिनमें प्रदर्शन के लिए आने वालों का स्वागत करने की बात कही जा रही है। धाम की ओर से भी प्रदर्शनकारियों का फूलमाला पहनाकर और फूल बरसाकर स्वागत करने की बात सामने आई है।

दोनों पक्षों की बयानबाजी और प्रतिक्रियाओं को देखते हुए पुलिस हर गतिविधि पर नजर रख रही है। बागेश्वर धाम समेत जिले के प्रमुख धार्मिक स्थलों पर भी निगरानी की जा रही है।

एसपी रजत सकलेचा ने बताया कि सोशल मीडिया पर दोनों पक्षों की ओर से की जा रही भ्रामक और बेतुकी टिप्पणियों पर पुलिस की नजर है। ऐसे लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ बाउंड ओवर की कार्रवाई की जा रही है।

एसपी ने कहा कि हर व्यक्ति को अपनी बात रखने और विरोध प्रदर्शन करने का संवैधानिक अधिकार है, लेकिन इसके लिए कानूनी प्रक्रिया का पालन करना और प्रशासन से अनुमति लेना जरूरी है। उन्होंने चेतावनी दी कि जो भी कानून-व्यवस्था बिगाड़ने, अफवाह फैलाने या उपद्रव करने की कोशिश करेगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

#इंदौर#PT24#Indore

गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।

विज्ञापन