मंगलवार, 10 नवंबर 2026

अभी सब्सक्राइब करें
प्राइम अलर्ट
सारे लाइव अपडेट

देवास के उदयनगर में बेटी की मौत की खबर के बाद बिगड़ी प्रसूता की हालत, बागली जाते हुए रास्ते में दम तोड़ा

दिन की रोशनी में अस्पताल के बाहर तीन लोग खड़े हैं, पास में मोटरसाइकिलें हैं तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
सेहत PT24 स्वास्थ्य डेस्क

उदयनगर अस्पताल में जन्म के कुछ देर बाद बच्ची की मौत हुई। इसके बाद प्रसूता को ज्यादा रक्तस्राव हुआ और एंबुलेंस न मिलने पर निजी वाहन से बागली ले जाते वक्त उसकी जान चली गई।

देवास जिले के उदयनगर में एक प्रसूता की मौत हो गई। वह आदिवासी बहुल इलाके के एक गांव की रहने वाली थी और प्रसव के लिए उदयनगर के सरकारी अस्पताल लाई गई थी। यहां उसने एक बच्ची को जन्म दिया, लेकिन कुछ ही देर में बच्ची की मौत हो गई।

जानकारी के मुताबिक महिला को शनिवार शाम अस्पताल में भर्ती कराया गया था। प्रसव के बाद उसकी हालत कुछ सामान्य हुई तो उसने अपने बच्चे के बारे में पूछा। किसी ने उसे बता दिया कि बच्ची की मौत हो चुकी है। यह सुनते ही उसकी तबीयत बिगड़ गई और रक्तस्राव ज्यादा होने लगा।

हालत गंभीर होने पर परिजन उसे बागली के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाना चाहते थे। प्रसूता के परिचितों के अनुसार 108 एंबुलेंस के लिए संपर्क किया गया था, पर वह उपलब्ध नहीं हो सकी। निजी वाहन का इंतजाम करने में भी कुछ वक्त लग गया। आखिरकार परिजन रात में उसे निजी वाहन से बागली के लिए लेकर निकले, मगर रास्ते में ही उसकी सांसें थम गईं। उदयनगर में डॉक्टर न होने की वजह से हालत बिगड़ने पर उसे फौरन इलाज भी नहीं मिल पाया।

रविवार सुबह डॉक्टरों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया गया और शव परिजनों को सौंप दिया गया। बताया जा रहा है कि शादी के बाद महिला काम करने गुजरात चली गई थी। गांव लौटने पर वह गर्भवती थी। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने समय-समय पर उसकी जांच और टीकाकरण वगैरह किया था।

बागली के बीएमओ डॉ. अमित नागर ने बताया कि जन्म लेने वाली बच्ची का वजन काफी कम था और पैदा होते ही उसकी मौत हो गई थी। उनके मुताबिक इसका पता चलने के बाद प्रसूता की तबीयत बिगड़ी और ज्यादा रक्तस्राव होने लगा। प्रारंभिक तौर पर इसी वजह से उसकी मौत सामने आई है। डॉ. नागर ने कहा कि पोस्टमार्टम की विस्तृत रिपोर्ट आने पर स्थिति और साफ होगी।

उदयनगर अस्पताल में तैनात डॉक्टर राहुल को ग्रामीणों की शिकायत के बाद पिछले महीने हटा दिया गया था। तब से यहां कोई स्थायी डॉक्टर नियुक्त नहीं हो पाया है। फिलहाल वैकल्पिक व्यवस्था के तौर पर रतनपुर और करनावद के डॉक्टरों की तीन-तीन दिन की ड्यूटी लगाकर काम चलाया जा रहा है। मामला वरिष्ठ अधिकारियों की जानकारी में है, इसके बावजूद स्थायी डॉक्टर की तैनाती नहीं हुई है, जिससे मरीज और उनके परिजन परेशान हो रहे हैं।

#इंदौर#सेहत#PT24#Health#Indore

गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।

विज्ञापन