वर्धा रेलवे स्टेशन के पास महिला के अपहरण और गैंगरेप के आरोप में पांच गिरफ्तार
वर्धा गवर्नमेंट रेलवे पुलिस स्टेशन में दर्ज शिकायत के बाद पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, तीन दिन की पुलिस कस्टडी मिली।
वर्धा रेलवे स्टेशन के पास से एक 20 साल की लड़की के अपहरण और उसके साथ सामूहिक बलात्कार के आरोप में पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई लोहमार्ग नागपुर के पुलिस अधीक्षक मंगेश शिंदे के मार्गदर्शन में की गई।
पुलिस के मुताबिक 25 सितंबर 2026 की रात करीब 2 बजे पीड़िता वर्धा रेलवे स्टेशन के मेन गेट बुकिंग ऑफिस के पास बैठी हुई थी। आरोप है कि इसी दौरान एक ऑटो चालक ने उसे जबरदस्ती उठाकर ऑटो में बिठाया और वर्धा शहर की तरफ ले गया। आगे आरोप है कि उसे एक सुनसान अंधेरी जगह पर ले जाकर आरोपियों ने बारी-बारी से उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए, जिसके बाद सभी आरोपी वहां से फरार हो गए। इसके बाद पीड़िता वर्धा गवर्नमेंट रेलवे पुलिस स्टेशन पहुंची और पांच आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।
वर्धा रेलवे पुलिस स्टेशन के थानेदार विरसेन चंहादे ने आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 275/2026 के तहत धारा 70(1) बीएनएस में केस दर्ज किया। इसके बाद रेलवे पुलिस के अधिकारियों और स्टाफ ने केस सुलझाने के लिए जांच शुरू की और शक के आधार पर आरोपियों को उठाया। पुलिस की सख्ती के आगे आरोपियों ने अपना मुंह खोला और कबूल किया कि उन्होंने पीड़िता के साथ जबरन बारी-बारी से शारीरिक संबंध बनाए थे।
गिरफ्तार आरोपियों में पहला नाम विक्रम उर्फ गोलू दिनेशराव खंडाले है, उम्र 28 साल, पेशे से ऑटो चालक, पता आर्वीनाका इंदिरा नगर झोपड़पट्टी वार्ड नंबर 1 वर्धा। दूसरा आरोपी ओम उर्फ दुर्लभ सुनील बावणे, उम्र 18 साल, बैनर प्रिंटिंग का काम करता है, पता मांगतपुरा गोंडप्लॉट, दिनेश जायसवाल के घर के पास शिवाजी चौक वर्धा। तीसरा आरोपी शेख मोहसिन उर्फ मुसा शेख कासम कनोजे, उम्र 29 साल, पेशे से ऑटो चालक, पता आर्वीनाका गजानन नगर वार्ड नंबर 1 वर्धा। चौथा आरोपी शेख साहिल शेख शरीफ, उम्र 32 साल, पेशे से ऑटो चालक, पता महादेवपुरा ताज वेल्डिंग वार्ड नंबर 14 वर्धा। पांचवां आरोपी विधि से संघर्षरत एक 17 साल का बालक है, जो वर्धा का ही रहने वाला बताया गया है।
चारों वयस्क आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें तीन दिन की पुलिस कस्टडी दी गई है। यह जानकारी वर्धा गवर्नमेंट रेलवे पुलिस स्टेशन की तरफ से दी गई।
यह पूरी कार्रवाई लोहमार्ग नागपुर के पुलिस अधीक्षक मंगेश शिंदे, अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. दत्ताराम राठोड, लोहमार्ग अकोला के उपविभागीय पुलिस अधिकारी शंकर शेळके और वर्धा लोकल क्राइम ब्रांच के पंजाबराव डोळे के मार्गदर्शन में हुई। वर्धा गवर्नमेंट रेलवे पुलिस स्टेशन के प्रभारी पुलिस निरीक्षक विरसेन चंहादे के नेतृत्व में बडनेरा रेलवे स्टेशन के प्रभारी सहायक पुलिस निरीक्षक पंकज ढोके, वर्धा रेलवे पुलिस स्टेशन के पुलिस उपनिरीक्षक अंगद कोतवाड, पुलिस उपनिरीक्षक नितीनकुमार जाधव, पुलिस हवालदार संतोष वडगोरे, हवालदार डेहनकर और हवालदार अशोक हनवंते समेत गोंधळे, घरडे, सहारे, प्रज्वल दाभाडे, गौतम शिरसाठ, अजय मनस्कार, निलेश काळे और असलम केंद्रे की टीम ने यह कार्रवाई की।