टेस्टिंग के दौरान दिखी नई ह्युंदाई क्रेटा, बॉक्सी डिजाइन और ADAS के साथ हाइब्रिड की संभावना
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
ह्युंदाई क्रेटा के तीसरी जनरेशन मॉडल की टेस्टिंग चल रही है। स्पाई शॉट्स में चौकोर डिजाइन, नई लाइटिंग और ADAS के संकेत दिखे हैं। स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड इंजन का विकल्प भी मिल सकता है।
ह्युंदाई क्रेटा के तीसरी जनरेशन मॉडल की टेस्टिंग इन दिनों चल रही है। नई Hyundai Creta 2027 के भारतीय बाजार में लॉन्च होने की संभावना है। हाल में सामने आई स्पाई शॉट्स से New Gen Hyundai Creta के बॉक्सी डिजाइन, नई LED लाइटिंग, अलॉय व्हील्स और ADAS टेक्नोलॉजी जैसे कई बदलाव दिखे हैं। एक्सटीरियर के साथ इंटीरियर में भी बड़े बदलाव देखने को मिलेंगे।
टेस्ट म्यूल पर मोटा कैमोफ्लाज चढ़ा है, इसलिए पूरा डिजाइन साफ नहीं हो पाया है। फिर भी मौजूदा मॉडल के मुकाबले नई SUV ज्यादा चौकोर और ऊंची नजर आती है। इसमें फ्लैटर रूफलाइन, ज्यादा सीधा रिअर विंडशील्ड और चौड़ा पिछला हिस्सा दिखता है। आगे की तरफ बड़ी आयताकार ग्रिल दी जा सकती है, जिसमें ब्लॉक जैसे एलिमेंट्स होने की संभावना है।
लाइटिंग सेटअप में स्प्लिट हेडलैंप डिजाइन बना रह सकता है। ऊपर पतली LED DRL और नीचे मुख्य हेडलैंप होंगे। फ्रंट बंपर के निचले हिस्से में रडार सेंसर दिख रहा है। इसी वजह से टॉप वेरिएंट में लेवल 2 ADAS टेक्नोलॉजी मिलने की संभावना है, जिससे ड्राइविंग के दौरान सुरक्षा के लिए अलग-अलग असिस्ट फीचर्स मिल सकते हैं।
साइड प्रोफाइल में नए डिजाइन के अलॉय व्हील्स दिखते हैं। ORVM पर 360-डिग्री कैमरे के लिए कैमरा पॉड्स भी नजर आते हैं। कुछ टेस्टिंग मॉडल में फ्लश-टाइप डोर हैंडल भी देखे गए हैं। पीछे हर कोने में तीन हॉरिजॉन्टल LED एलिमेंट्स, चौड़ा रिअर ग्लास और रूफ स्पॉयलर दिया जा सकता है।
इंटीरियर में भी बड़े बदलाव की उम्मीद है। नई बड़ी सेंट्रल इन्फोटेनमेंट स्क्रीन, पतला डिजिटल इंस्ट्रुमेंट क्लस्टर, नया स्टीयरिंग व्हील और अपडेटेड कंट्रोल्स मिल सकते हैं। पिछली सीट के यात्रियों के लिए आर्मरेस्ट और कपहोल्डर्स दिए जाएंगे। व्हाइट और ग्रे ड्युअल-टोन थीम के साथ ह्युंदाई का Pleos Connect सॉफ्टवेयर भी मिलने की संभावना है।
नई क्रेटा ह्युंदाई के K3 प्लेटफॉर्म पर बनेगी। यही प्लेटफॉर्म नई किया सेल्टोस में भी इस्तेमाल होता है। इंजन में 1.5-लीटर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल, 1.5-लीटर टर्बो पेट्रोल और 1.5-लीटर डीजल इंजन बने रहने की संभावना है। इसके अलावा 1.5-लीटर स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड इंजन का विकल्प भी मिल सकता है। ऐसा हुआ तो मारुति ग्रैंड विटारा, टोयोटा हायराइडर और टाटा सिएरा जैसी SUV के साथ क्रेटा का मुकाबला और बढ़ेगा।
गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।