टाटा टिगोर का नया अवतार, 25 सितंबर को 'टाटा एरिस' नाम से होगी लॉन्च
कंपनी ने TATA AERIS नाम का ट्रेडमार्क फाइल किया, फेसलिफ्ट सेडान में डिजाइन और फीचर्स में बड़े बदलाव की उम्मीद
Tata Motors अपनी कॉम्पैक्ट सेडान लाइनअप में बड़ा बदलाव करने की तैयारी में है। मौजूदा Tata Tigor को नए अवतार में उतारा जा सकता है, और इस बार गाड़ी का नाम बदलकर Tata Aeris रखे जाने की चर्चा है। कंपनी ने 'TATA AERIS' नाम से ट्रेडमार्क फाइल किया है, जिसकी जानकारी सामने आने के बाद से नई सेडान के नाम को लेकर जोरदार अटकलें शुरू हो गई हैं। बताया जा रहा है कि यह कार 25 सितंबर 2026 को लॉन्च हो सकती है।
डिजाइन की बात करें तो नई Tata Aeris मौजूदा Tigor के मुकाबले काफी अलग नजर आ सकती है। फ्रंट प्रोफाइल में स्लिम हेडलाइट्स, ब्लैक कनेक्टिंग एलिमेंट और बड़ा स्पोर्टी बंपर दिया जा सकता है, जिससे कार को ज्यादा मॉडर्न और आक्रामक लुक मिलने की उम्मीद है। साइड प्रोफाइल में नए अलॉय व्हील्स देखने को मिल सकते हैं, जबकि पीछे की तरफ नई टेललाइट्स और अपडेटेड रियर बंपर लगाया जा सकता है। हालांकि कार का बेसिक सेडान शेप वैसा ही बने रहने की संभावना है।
केबिन के अंदर भी कई अपडेट्स की उम्मीद है। इंटीरियर हाल ही में लॉन्च हुई Tata Tiago फेसलिफ्ट से प्रेरित हो सकता है। कार में 10.25 इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम मिल सकता है, जो वायरलेस Android Auto और Apple CarPlay सपोर्ट करेगा। इसके अलावा डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले, नया स्टीयरिंग व्हील, 360-डिग्री कैमरा, वायरलेस फोन चार्जर और Type-C चार्जिंग पोर्ट्स जैसे फीचर्स भी दिए जा सकते हैं। इलेक्ट्रिकली फोल्डिंग मिरर्स भी शामिल हो सकते हैं। सेफ्टी के लिहाज से गाड़ी में 6 एयरबैग्स दिए जाने की उम्मीद है।
पावरट्रेन के मामले में Tata Aeris पेट्रोल और CNG दोनों ऑप्शन में लॉन्च हो सकती है। पेट्रोल मॉडल में 1.2 लीटर इंजन मिल सकता है, जो करीब 86 PS पावर और 113 Nm टॉर्क जनरेट कर सकता है। वहीं CNG वर्जन में कंपनी-फिटेड CNG किट दी जा सकती है, जिसमें इंजन करीब 75.5 PS पावर और 96.5 Nm टॉर्क देगा। दोनों पावरट्रेन में 5-स्पीड मैनुअल के साथ-साथ ऑटोमैटिक गियरबॉक्स का ऑप्शन भी मिल सकता है। इसके अलावा EV वर्जन लॉन्च होने की भी चर्चा है, हालांकि बैटरी क्षमता, रेंज, मोटर और कीमत को लेकर अभी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है, यह लॉन्च के वक्त ही साफ होगा।
भारत में कॉम्पैक्ट सेडान सेगमेंट में Maruti Suzuki Dzire, Hyundai Aura और Honda Amaze जैसी गाड़ियों से टक्कर है। Tigor की बिक्री तुलना में कम रहने की वजह से Tata Motors नए नाम के साथ ग्राहकों का ध्यान खींचने की कोशिश कर सकती है। नए नाम, अपडेटेड डिजाइन और मॉडर्न फीचर्स के साथ कंपनी इस सेडान को बाजार में फिर से नए सिरे से पेश कर सकती है। अब 25 सितंबर 2026 को लॉन्च के वक्त Tata Motors इस कार को कौन सा नाम देती है और कौन से फीचर्स इसमें शामिल करती है, यह देखना दिलचस्प रहेगा।