टाटा सफारी EV में ट्रिपल स्क्रीन डैशबोर्ड, 65 और 75 kWh बैटरी का ऑप्शन मिलेगा
टाटा की आने वाली सफारी EV के टेस्ट म्यूल में नया केबिन सेटअप और बैटरी डिटेल्स सामने आईं हैं।
टाटा मोटर्स की सबसे ज्यादा वेट की जा रही सफारी EV जल्दी ही इंडियन मार्केट में आने वाली है। कंपनी की यह पहली 3-रो इलेक्ट्रिक SUV होगी और 2026 के फेस्टिव सीजन में लॉन्च होने की उम्मीद है। मुकाबला मुख्य रूप से महिंद्रा XEV 9S जैसी इलेक्ट्रिक SUV से रहेगा। अंदाजा है कि कीमत Rs 22.5 लाख से Rs 30 लाख के बीच रह सकती है।
हाल ही में सफारी EV के टेस्ट म्यूल में ट्रिपल स्क्रीन डैशबोर्ड नजर आया है। इसमें 10.25 इंच का डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर और 12.3 इंच की सेंट्रल टचस्क्रीन मिलने की संभावना है। टॉप वेरिएंट में एक 12.3 इंच की पैसेंजर डिस्प्ले भी दी जा सकती है। इस स्क्रीन पर एंटरटेनमेंट, वीडियो, गेम्स और म्यूजिक जैसी सुविधाएं यूज करने का ऑप्शन मिल सकता है।
बैटरी की बात करें तो टाटा मोटर्स की तरफ से सफारी EV में 65 kWh और 75 kWh के LFP बैटरी पैक मिलने की उम्मीद है। बड़ी 75 kWh बैटरी RWD के साथ-साथ AWD कॉन्फिगरेशन में भी उपलब्ध हो सकती है। रेफरेंस के लिए, हैरियर EV में 75 kWh RWD की MIDC रेंज 627 किमी और AWD की 622 किमी है। सफारी EV साइज और वजन में बड़ी होने की वजह से इसकी रेंज इससे थोड़ी कम रहने की संभावना है।
परफॉर्मेंस के मामले में सफारी EV में सिंगल-मोटर RWD और ड्यूल-मोटर AWD, दोनों ऑप्शन मिलने की उम्मीद है। हैरियर EV की तरह RWD सेटअप में करीब 238 hp और 315 Nm का आउटपुट मिल सकता है, जबकि AWD में कुल टॉर्क 504 Nm तक जाने की संभावना है। AWD मॉडल में Snow/Grass, Mud-Ruts, Sand और Rock Crawl जैसे टेरेन मोड भी दिए जा सकते हैं।
इसके अलावा एयरोडायनामिक 19 इंच के अलॉय व्हील्स, V2L सुविधा, वेंटिलेटेड सीट्स, डिजिटल IRVM और ADAS जैसे मॉडर्न फीचर्स की भी उम्मीद है। इस तरह सफारी EV सिर्फ पेट्रोल-डीजल सफारी का इलेक्ट्रिक वर्जन बनकर नहीं रहेगी, बल्कि टेक्नोलॉजी और कंफर्ट के मामले में एक अलग एक्सपीरियंस देने की कोशिश करेगी।