सोम‌वार, 16 नवंबर 2026

अभी सब्सक्राइब करें
प्राइम अलर्ट
सारे लाइव अपडेट

ससुराल की कलह, फंदे पर झुला मयूर

मुकुंद कवाडे पीआई लकड़गंज थाना
जुर्म PT24 टीम

सुसाईड नोट से खुलासा, पत्नी सहित तीन पर मामला दर्ज, तीन साल पहले हुआ था प्रेम विवाह

नागपुर.

प्रेम विवाह करने के बावजूद पत्नी और सास-ससुर के साथ चल रहे पारिवारिक विवाद ने एक 26 वर्षीय युवक की जिंदगी खत्म कर दी. लकड़गंज थाना क्षेत्र में सामने आए इस मामले ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं. युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या करने से पहले अपने बेड पर एक चिट्ठी छोड़ी थी. इसमें उसने पत्नी और ससुराल पक्ष के साथ चल रहे विवाद तथा मानसिक प्रताड़ना का जिक्र किया है. चिट्ठी और शिकायत के आधार पर पुलिस ने पत्नी समेत तीन लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया है.

मृतक की पहचान 26 वर्षीय मयूर सुनील गिरडकर के रूप में हुई है. पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मयूर ने 22 वर्षीय कोमल गिरडकर के साथ तीन साल पहले प्रेम विवाह किया था. शादी के बाद दोनों लकड़गंज परिसर में किराए के मकान में रहने लगे थे. उनका एक बेटा भी है. मयूर मजदूरी करता था. शादी के कुछ समय बाद तक सब कुछ ठीक रहा, लेकिन बाद में पति-पत्नी के बीच विवाद बढ़ने लगे. आपसी अनबन के चलते कोमल अपने माता-पिता के घर रहने चली गई थी. पत्नी के अलग रहने और लगातार चल रहे पारिवारिक विवाद के कारण मयूर मानसिक तनाव में था. इसी बीच 15 नवंबर की रात 8:30 बजे उसने अपने घर में लोहे के हुक से नायलॉन की रस्सी बांधकर फांसी लगा ली. इस घटना से परिसर में सनसनी फैल गई.

बेड पर मिली चिट्ठी ने खोले विवाद के राज

घटना के बाद पुलिस ने जांच शुरू की तो घर में बेड पर एक चिट्ठी मिलने की जानकारी सामने आई. बताया जाता है कि मयूर ने इस चिट्ठी में पत्नी और उसके परिजनों के साथ हुए विवादों तथा उनसे उपजे मानसिक तनाव का उल्लेख किया था. इस चिट्ठी ने मामले को नया मोड़ दे दिया. शिकायत और प्रारंभिक जांच के आधार पर लकड़गंज पुलिस ने पत्नी कोमल मयूर गिरडकर, राम बटाने और दुर्गा राम बटाने के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया है. फिलहाल तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. चिट्ठी में किए गए उल्लेखों और पारिवारिक विवादों की वास्तविकता की जांच के बाद ही आत्महत्या के पीछे की पूरी कहानी स्पष्ट हो सकती है.

#नागपुर#जुर्म#PT24#Crime#Nagpur

गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।

विज्ञापन