सस्ते गहनों के चक्कर में सराफा व्यापारी से ठगी
50 लाख का सोना गवाया, कोलकाता की दम्पति मामला दर्ज
नागपुर .
कम कीमत में अच्छी गुणवत्ता के हल्के वजन वाले सोने के गहने बनाकर देने का लालच देकर कोलकाता के एक दम्पति ने नागपुर के सर्राफा व्यापारी को 50 लाख रुपये का चूना लगा दिया. गहने बनाने के नाम पर 489 ग्राम सोना लेने के बाद आरोपियों ने न तो गहने लौटाए और न ही सोना वापस किया. उलटे व्यापारी को जान से मारने की धमकी देकर खामोश रहने का दबाव बनाया. तहसील पुलिस ने व्यापारी की शिकायत पर कोलकाता निवासी सचिन गुप्ता और अंकिता गुप्ता के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. शिकायतकर्ता नवीन रजाई की इतवारी सर्राफा बाजार में राजलक्ष्मी ज्वेलर्स है. करीब चार साल पहले उनकी पहचान कोलकाता में ज्वेलरी बनाने का कारोबार करने वाले सचिन गुप्ता और अंकिता गुप्ता से हुई थी. इसी पहचान और कारोबारी भरोसे का फायदा उठाकर आरोपियों ने ठगी का जाल बुना. आरोपियों ने नवीन को बताया कि कोलकाता में कम मजदूरी पर कुशल कारीगर उपलब्ध हैं. वहां अच्छी गुणवत्ता के हल्के वजन वाले सोने के गहने कम लागत में तैयार किए जा सकते हैं. इस तरह कम कीमत में बेहतर डिजाइन के गहने बनवाने का लालच देकर उन्होंने नवीन को अपने झांसे में ले लिया. आरोपियों की बातों पर भरोसा करके नवीन ने 50 लाख रुपये कीमत के 489 ग्राम सोने के गहने बनाने के लिए उन्हें सौंप दिए. शुरुआत में सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन सोना मिलने के बाद आरोपियों के तेवर बदल गए. कई दिन बीतने के बावजूद जब गहने नहीं पहुंचे तो नवीन ने फोन कर पूछताछ शुरू की. पहले कारीगरों के छुट्टी पर होने का बहाना बनाया गया. इसके बाद आरोपियों ने फोन उठाना तक बंद कर दिया. लगातार टालमटोल से परेशान व्यापारी ने जब गहने अथवा अपना सोना वापस मांगा तो आरोपियों ने कोलकाता पुलिस और अपराधियों में अपनी पहचान होने का डर दिखाया. इतना ही नहीं, व्यापारी को जान से मारने की धमकी भी दी. धमकियों से परेशान नवीन ने आखिरकार तहसील पुलिस का दरवाजा खटखटाया. पुलिस ने सचिन गुप्ता और अंकिता गुप्ता के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है. अब पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि दंपती ने इसी तरह अन्य सर्राफा व्यापारियों को भी अपना शिकार बनाया है या नहीं.
गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।