गुरूवार, 19 नवंबर 2026

अभी सब्सक्राइब करें
प्राइम अलर्ट
सारे लाइव अपडेट

सड़क पार कर रही वृद्धा को कुचला

जुर्म PT24 टीम

घसीटते ले गई एसटी बस, सीताबर्डी में भीषण हादसा

नागपुर .

शहर के व्यस्त सीताबर्डी इलाके में बुधवार सुबह एक गंभीर सड़क हादसे में 60 वर्षीय महिला की दर्दनाक मौत हो गई. इटरनिटी मॉल के सामने सड़क पार कर रही महिला को एसटी ने अपनी चपेट में ले लिया. टक्कर के बाद महिला बस के पहिए के नीचे आ गई और कुछ दूरी तक घसीटती चली गई. हादसा इतना गंभीर था कि महिला ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया. इस हादसे से इलाके में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी मच गई. मृतक की पहचान वर्धा जिले के कारंजा तहसील के कान्हाला निवासी 60 वर्षीय पुष्पा कृष्णराव दहीवाड़े के रूप में हुई है. पुष्पा अपने मानसिक रूप से बीमार रिश्तेदार की दवाई लेने के लिए वर्धा से नागपुर आई थीं. बुधवार सुबह करीब 11 बजे वह सीताबर्डी में शंकर भोजनालय के पास बस से उतरीं और पैदल सड़क पार करने लगीं. इसी दौरान चंद्रपुर से नागपुर आ रही एसटी बस क्रमांक एम.एच./14/एम.एच./3044 ने उन्हें टक्कर मार दी. टक्कर लगने के बाद पुष्पा बस के पहिए की चपेट में आ गईं. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वह कुछ दूरी तक बस के साथ घिसटती चली गईं. हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की. सीताबर्डी पुलिस ने बस चालक दीपक विश्वनाथ इंगले (52) अमरावती के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है. शहर के अत्यंत व्यस्त सीताबर्डी क्षेत्र में सड़क पार करते समय हुई इस दुर्घटना ने एक बार फिर पैदल यात्रियों की सुरक्षा और भारी वाहनों की आवाजाही को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं. रिश्तेदार की दवाई लेने नागपुर आई पुष्पा की इस हादसे में असमय मौत से उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.

#नागपुर#जुर्म#PT24#Crime#Nagpur

गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।

विज्ञापन