रविवार को मध्य और हार्बर लाइन पर मेगाब्लॉक, कई लोकल रद्द, समय भी बदला
27 सितंबर रविवार को मुंबई लोकल के कई रूट पर काम की वजह से ट्रेनें रद्द और डायवर्ट होंगी
मुंबई में लोकल पकड़ने वालों के लिए रविवार को थोड़ी मुश्किल रहने वाली है। 27 सितंबर, रविवार के दिन अलग-अलग इंजीनियरिंग और मेंटेनेंस के काम के लिए मुंबई लोकल के कई रूट पर मेगाब्लॉक लिया जाएगा। सेंट्रल रेलवे की मेन लाइन और हार्बर लाइन पर ब्लॉक रहेगा, जबकि वेस्टर्न रेलवे पर शनिवार-रविवार की रात को जंबो ब्लॉक होगा। इस वजह से कुछ लोकल रद्द रहेंगी, तो कुछ को स्लो या फास्ट लाइन पर डायवर्ट किया जाएगा।
सेंट्रल रेलवे की मेन लाइन पर माटुंगा से मुलुंड के बीच अप और डाउन फास्ट लाइन पर रविवार सुबह 11.05 से दोपहर 3.45 बजे तक मेगाब्लॉक रहेगा। इस दौरान सीएसएमटी से निकलने वाली डाउन फास्ट लोकल को माटुंगा में डाउन स्लो लाइन पर डायवर्ट किया जाएगा। ये लोकल माटुंगा से मुलुंड के बीच सभी स्टेशन पर रुकेंगी। इसके बाद ठाणे की तरफ जाने वाली फास्ट लोकल को मुलुंड से फिर फास्ट लाइन पर डाला जाएगा।
ठाणे से निकलने वाली अप फास्ट लोकल को मुलुंड में अप स्लो लाइन पर डायवर्ट किया जाएगा, जिससे फास्ट लोकल के सफर में हमेशा से ज्यादा टाइम लग सकता है। इसके अलावा खोपोली से दोपहर 1.48 बजे छूटने वाली लोकल अब दोपहर 2.06 बजे छूटेगी।
हार्बर लाइन पर कुर्ला से वाशी के बीच अप और डाउन लाइन पर सुबह 11.10 से शाम 4.10 बजे तक मेगाब्लॉक लिया जाएगा। ब्लॉक के दौरान सीएसएमटी से वाशी, बेलापुर और पनवेल जाने वाली डाउन लोकल तथा पनवेल, बेलापुर और वाशी से सीएसएमटी आने वाली अप लोकल रद्द रहेंगी।
पैसेंजर्स की परेशानी कम करने के लिए ब्लॉक के समय सीएसएमटी-कुर्ला और पनवेल-वाशी के बीच स्पेशल लोकल चलाई जाएंगी। वहीं ट्रांस हार्बर और उरण लाइन पर लोकल सर्विस रविवार के तय शेड्यूल के हिसाब से ही चलती रहेगी।
वेस्टर्न रेलवे पर भी पैसेंजर्स के लिए जरूरी जानकारी है। वसई रोड से भाईंदर के बीच अप और डाउन स्लो लाइन पर शनिवार 26 सितंबर की रात 12.30 बजे से रविवार सुबह 4.30 बजे तक जंबो ब्लॉक रहेगा।
इस दौरान स्लो लाइन की सभी लोकल को विरार/वसई रोड और बोरिवली/भाईंदर के बीच फास्ट लाइन पर चलाया जाएगा, इसलिए ये लोकल कुछ स्टेशन पर नहीं रुकेंगी। खास बात यह है कि रविवार दिन में वेस्टर्न रेलवे पर कोई ब्लॉक नहीं लिया जाएगा।
मेगाब्लॉक की वजह से रविवार सुबह से दोपहर तक सेंट्रल और हार्बर लाइन के पैसेंजर्स को बदलावों का सामना करना पड़ेगा। खासकर हार्बर लाइन पर कुछ लोकल रद्द रहने से पैसेंजर्स को स्पेशल लोकल और दूसरे रूट का ऑप्शन देखना होगा। इसलिए 27 सितंबर के मेगाब्लॉक को ध्यान में रखते हुए घर से निकलने से पहले रेलवे का लेटेस्ट टाइम टेबल चेक कर लें और सफर के लिए एक्स्ट्रा टाइम लेकर चलें।