रैपर Vishay Khxl का गाना 'संताप' सोशल मीडिया पर ट्रेंड, Gen Z के सवालों को आवाज
रैपर विषय खोल (Vishay Khxl) का गाना 'संताप' सोशल मीडिया पर ट्रेंड कर रहा है। इसमें शिक्षा व्यवस्था, विद्यार्थियों के सवाल और अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने की बात है।
आज की Gen Z पीढ़ी के मन में जो सवाल, बेचैनी और सामाजिक हालात को लेकर गुस्सा है, उसे रैप के जरिए सामने रखने वाले रैपर विषय खोल (Vishay Khxl) इन दिनों चर्चा में हैं। उनका गाना 'संताप' सोशल मीडिया पर ट्रेंड कर रहा है।
इस रैप में शिक्षा व्यवस्था, विद्यार्थियों के सवाल और अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने का संदेश दिया गया है। नौजवानों के मन की बात सीधे और बेबाक शब्दों में रखी गई है, इसलिए सोशल मीडिया पर गाने को अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है।
विषय के संगीत के सफर पर एमिनेम का बड़ा असर रहा है। वे बताते हैं कि उनके पहले फोन में सिर्फ एमिनेम के गाने थे। उनके मुताबिक, "मेरे लिखने में, रैपिंग सेंस में, म्यूजिक सेंस में, फ्लोज और केडन्स में एमिनेम ने मुझे बहुत प्रेरणा दी।" हालांकि उनका सफर सीधे रैपर के तौर पर शुरू नहीं हुआ। वे कहते हैं, "मैं पहले म्यूजिक प्रोड्यूसर हूं और बाद में रैपर।"
संगीत की शुरुआत उन्होंने बीट्स बनाने से की। खास बात यह है कि एक बार उन्हें सपना आया कि संगीत से कोई वास्ता न रखने वाले एक दोस्त के पास MPC किट है। उस सपने के अनुभव से उनमें बीट मेकिंग को लेकर उत्सुकता जगी। इसके बाद म्यूजिक प्रोडक्शन से होते हुए उनका सफर रैप की तरफ बढ़ा।
'संताप' के पीछे सिर्फ संगीत की प्रेरणा नहीं है। इसके पीछे सामाजिक हालात को लेकर गहरा आक्रोश भी है। जंतर मंतर पर विद्यार्थियों ने बेहतर शिक्षा व्यवस्था के लिए जो आंदोलन किया, उसकी पृष्ठभूमि ने विषय को बेचैन कर दिया। देश का भविष्य कहे जाने वाले विद्यार्थियों की मांगों की अनदेखी, आंदोलन के दौरान हुआ अन्याय और छात्राओं के अपमान की घटनाओं से उनके मन में जो संताप पैदा हुआ, उसे उन्होंने रैप के जरिए जाहिर किया है। इसी पूरे अनुभव से 'संताप' गाना बना।
विषय (Vishay Khxl) साफ संदेश देते हैं, "अपने आसपास गलत चीजें और अन्याय होते हैं तो हम अक्सर उसकी अनदेखी कर देते हैं। जहां गलत दिखता है, जहां अन्याय दिखता है, वहां आवाज उठानी चाहिए। क्योंकि इसके बिना हमारे देश का विकास नहीं होगा।"
इस तरह 'संताप' सिर्फ एक रैप सॉन्ग नहीं रहा। यह Gen Z के सवालों, बेचैनी और सामाजिक समझ को आवाज देने वाला ट्रैक बनता जा रहा है। सोशल मीडिया पर मिल रहे रिस्पॉन्स को देखते हुए विषय के इस बेबाक रैप की चर्चा आने वाले समय में और बढ़ने की संभावना है।