गुरूवार, 19 नवंबर 2026

अभी सब्सक्राइब करें
प्राइम अलर्ट
सारे लाइव अपडेट

राहुल गांधी का पीए बनकर नागपुर में ठगी का खेल

कैलाश देशमाने पीआई नंदनवन थाना
जुर्म PT24 टीम

अलंकार सवाई की फर्जी पहचान, कांग्रेस नेता को फोन, रेडिसन ब्लू में दो लग्जरी सुइट बुक कराने फरमान

नागपुर.

साइबर ठगों के हौसले इतने बुलंद हैं कि अब वे देश के बड़े राजनीतिक नेताओं के नाम और पहचान को भी ठगी का हथियार बनाने से नहीं चूक रहे. नागपुर में एक शातिर ने सीधे कांग्रेस नेता राहुल गांधी के निजी सचिव अलंकार सवाई की पहचान ओढ़कर कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता अतुल लोंढे पाटील को फोन कर दिया. आरोपी ने वर्धा रोड स्थित रेडिसन ब्लू होटल में दो प्रीमियम सुइट बुक कराने की मांग रखी. हालांकि, उसकी आवाज और बातचीत के तौर-तरीकों ने संदेह पैदा कर दिया और फर्जीवाड़े का खेल आगे बढ़ने से पहले ही बेनकाब हो गया.

शिकायतकर्ता एडवोकेट अमित झोटिंग के मुताबिक 8 से 17 नवंबर के बीच एक मोबाइल नंबर से अतुल लोंढे को फोन किया गया. फोन करने वाले ने खुद को राहुल गांधी का पीए अलंकार सवाई बताया. उसने कहा कि वह रिसेप्शन के सिलसिले में नागपुर आया है और रेडिसन ब्लू होटल में दो प्रीमियम सुइट आरक्षित करवाने है. पहली नजर में सामान्य लगने वाली इस मांग के पीछे बड़ा फर्जीवाड़ा छिपा होने का संदेह हुआ. अतुल लोंढे ने जब फोन करने वाले का व्हाट्सऐप प्रोफाइल खंगाला तो वहां राहुल गांधी और उनके निजी सचिव की तस्वीर लगी दिखाई दी. प्रोफाइल पर बाकायदा 'अलंकार सवाई पीए राहुल गांधी' लिखा हुआ था. यानी ठग ने सिर्फ नाम का इस्तेमाल नहीं किया, बल्कि भरोसा जीतने के लिए राजनीतिक पहचान का पूरा फर्जी मुखौटा तैयार कर रखा था. आवाज और बातचीत पर संदेह होने के कारण उसकी चाल सफल नहीं हुई. झोटिंग ने मामले की शिकायत नंदनवन थाने में शिकायत दर्ज कराई. अज्ञात मोबाइल धारक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं और आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है. पुलिस अब मोबाइल नंबर और फर्जी व्हाट्सऐप प्रोफाइल के जरिए आरोपी की पहचान तलाश रही है.

#नागपुर#जुर्म#PT24#Crime#Nagpur

गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।

विज्ञापन