आखिर सामने क्यू नहीं आ रहा जिदान की मौत का सच
10 दिन से जांच ठप, पुलिस भी खामोश, नागपुर-सिवनी के बीच उलझी केस डायरी, फॉर्च्यूनर में सवार दूसरे छात्र भी गायब, सोशल मीडिया से हटाई जा रही पोस्ट
नागपुर.
अठारह साल के होनहार छात्र जिदान उर्फ रेहान इम्तियाज अली की मौत को सामान्य सड़क हादसा बताकर भले ही मामला शांत करने की कोशिश हो रही हो, लेकिन घटनाक्रम की परतें खुलने के बजाय लगातार नए सवाल सामने आ रहे हैं. जिस हादसे में एक युवा छात्र की जिंदगी खत्म हो गई, उसकी जांच दस दिन से अधिक समय बीतने के बाद भी शुरू नहीं होने की जानकारी सामने आ रही है. नागपुर पुलिस दस दिन पहले ही केस डायरी भेजने का दावा कर रही है तो मध्यप्रदेश पुलिस दस्तावेज नहीं मिलने की बात कह रही है. दो राज्यों की पुलिस के बीच जांच का मामला ऐसा उलझा है कि एक परिवार को अपने बेटे की मौत का सच जानने के लिए इंतजार करना पड़ रहा है.
हैरानी की बात यह है कि मामला राजनीतिक रूप से बेहद संवेदनशील है. भाजपा विधायक परिणय फुके के बेटे यथार्थ का नाम घटनाक्रम से जुड़ा है. विपक्ष लगातार सवाल उठा रहा है, एसआईटी जांच की मांग हो रही है और गृह मंत्री स्तर पर जांच की आवाज उठाई जा रही है.इसके बावजूद सिवनी पुलिस की ओर से जांच की स्थिति को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है. सिवनी के पुलिस अधीक्षक कृष्णा लालचंदानी से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन लगातार फोन के बावजूद उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया.
केस डायरी के इंतजार में जांच या जिम्मेदारी से बचने का खेल?
जिदान की मौत 4 नवंबर की रात मध्यप्रदेश के सिवनी जिले में खवासा-टुरिया मार्ग पर हुई थी. वह विधायक परिणय फुके के मालिकी की फॉर्च्यूनर क्रमांक एम.एच./40/ए.एच/7222 में सवार था. बताया जाता है कि वह भाजपा विधायक परिणय फुके के बेटे यथार्थ और अन्य दोस्तों के साथ जंगल सफारी तथा प्री-बर्थडे पार्टी के लिए टुरिया स्थित एक रिजॉर्ट गया था. रिजॉर्ट में कुछ समय बिताने के बाद सभी छात्र रात 9.30 बजे वाहनों में सवार होकर निकले. इसी दौरान जिदान जिस वाहन में था, वह कथित हादसे का शिकार हो गया. वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुआ और जिदान की जान चली गई. उसे तत्काल नागपुर के निजी अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. इसके बाद मेयो अस्पताल में पोस्टमार्टम किया गया. सदर पुलिस ने 5 नवंबर को आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज कर घटनाक्रम से जुड़े दस्तावेज मध्यप्रदेश पुलिस को भेज दिए थे.अब दस्तावेज भेजे जाने के दस दिन से अधिक समय बाद भी सिवनी पुलिस के पास केस डायरी नहीं पहुंचने की बात कही जा रही है.
सूत्रों के अनुसार, दुर्घटनास्थल के पंचनामे के अलावा जांच से जुड़े दूसरे महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाने की दिशा में भी कोई ठोस पहल सामने नहीं आई है. यदि यह स्थिति सही है तो सवाल उठना लाजिमी है कि आखिर सिवनी पुलिस किसका इंतजार कर रही है? क्या केस डायरी के नाम पर जांच की जिम्मेदारी टाली जा रही है? हादसे के महत्वपूर्ण सबूत समय के साथ मिट सकते हैं, लेकिन जांच एजेंसियों की सुस्ती खत्म होने का नाम नहीं ले रही.
फॉर्च्यूनर में कौन-कौन था? बाकी छात्र कहां गायब हैं?
इस पूरे मामले का सबसे अहम और रहस्यमय पहलू दुर्घटनाग्रस्त फॉर्च्यूनर में सवार अन्य छात्रों से जुड़ा है. बताया जाता है कि वाहन में ड्राइवर के अलावा छह से सात छात्र मौजूद थे. जिस भीषण हादसे में फॉर्च्यूनर बुरी तरह चकनाचूर हो गई, उसमें जिदान के अलावा बाकी छात्रों को कितनी चोटें आईं? वे किस अस्पताल में पहुंचे? उनकी मेडिकल जांच हुई या नहीं? पुलिस ने उनके बयान दर्ज किए या नहीं? इन बुनियादी सवालों पर अब तक कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है. आखिर दुर्घटना के समय वाहन में मौजूद लोगों की स्थिति सार्वजनिक करने में इतनी चुप्पी क्यों है?
परिजनों की मुलाकात के फोटो हटे, किसका दबाव?
जिदान की मौत के बाद एक और घटनाक्रम ने मामले को नया मोड़ दे दिया है. बताया जाता है कि जिदान के परिवार से जुड़े कुछ लोगों ने राज्य की राजनीति के एक कद्दावर नेता से मुलाकात की थी. इस मुलाकात के दौरान उन्हें मोबाइल फोन पर दुर्घटना और पूरे घटनाक्रम से जुड़े कुछ सबूत भी दिखाए गए थे. इस मुलाकात की तस्वीरें एक व्यक्ति के सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट की गई थीं. तस्वीरों में नेता के साथ जिदान के परिजनों से जुड़े लोग भी दिखाई दे रहे थे. लेकिन जैसे ही मामला राजनीतिक रूप से गरमाने लगा, सोशल मीडिया से पोस्ट और तस्वीरें हटा दी गईं. यहीं से एक और बड़ा सवाल खड़ा होता है. यदि जिदान की मौत के मामले में परिवार न्याय की मांग कर रहा है, एसआईटी जांच की आवाज उठा रहा है और कथित सबूतों के आधार पर निष्पक्ष जांच चाहता है, तो फिर मुलाकात की तस्वीरें हटाने की जरूरत क्यों पड़ी. क्या किसी ने ऐसा करने के लिए कहा था? क्या किसी दबाव में पोस्ट हटाई गई या इसके पीछे कोई दूसरी वजह थी? इन सवालों की भी पड़ताल होनी चाहिए.
हादसा था तो जांच से परहेज क्यों?
जिदान की मौत को लेकर भाजपा विधायक परिणय फुके और उनके बेटे पर विपक्ष सवाल उठा रहा है, जबकि फुके परिवार इसे बेवजह बदनाम करने की कोशिश बता रहा है. दूसरी ओर जिदान के परिजन बेटे को खोने के सदमे में हैं. ऐसे में आरोप-प्रत्यारोप के बीच सच्चाई सामने लाने की सबसे बड़ी जिम्मेदारी पुलिस की है. लेकिन सिवनी पुलिस के अधीक्षक कृष्णा लालचंदानी कोई जवाब नहीं दे रहे है. इस मामले में यह भी जांच का विषय है कि दुर्घटनास्थल पर वास्तव में क्या हुआ था, वाहन कौन चला रहा था, दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई और हादसे के बाद घटनास्थल से लेकर अस्पताल तक क्या-क्या घटनाक्रम हुआ. वाहन की फॉरेंसिक जांच, तकनीकी साक्ष्य, मेडिकल रिपोर्ट, सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान जांच के अहम हिस्से है. 4 नवंबर की रात जिदान के साथ नागपुर पहुंचे दूसरे छात्रों ने फॉर्च्यूनर के सामने अचानक जानवर आने से हादसा होने का बताया था. लेकिन छात्रों के बात की सच्चाई सामने नहीं आई है.
सिस्टम के सामने पांच बड़े सवाल
दस दिन से अधिक समय बीतने के बावजूद सिवनी पुलिस ने जांच की ठोस शुरुआत क्यों नहीं की?
नागपुर पुलिस द्वारा भेजे गए दस्तावेज आखिर सिवनी पुलिस तक क्यों नहीं पहुंचे?
दुर्घटनाग्रस्त फॉर्च्यूनर में सवार अन्य छात्रों की स्थिति और बयान सार्वजनिक क्यों नहीं हैं?
जिदान के परिजनों की राजनीतिक नेता से मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया से क्यों हटाई गईं?
यदि यह सामान्य सड़क दुर्घटना थी तो निष्पक्ष और पारदर्शी जांच में इतनी देरी क्यों हो रही है?
बेटा चला गया, अब सच्चाई भी फाइलों में दफन न हो
जिदान की मौत महज एक सड़क दुर्घटना का मामला बनकर फाइलों में बंद नहीं होनी चाहिए। यह उस छात्र की जिंदगी का सवाल है, जिसके परिवार को आज तक अपने बेटे की मौत की परिस्थितियों का स्पष्ट जवाब नहीं मिला है. राजनीतिक रसूख, पुलिस की कार्यप्रणाली और प्रशासनिक जिम्मेदारियों के बीच जिदान की मौत का सच कहीं गुम नहीं होना चाहिए. सवाल किसी नेता या परिवार को दोषी ठहराने का नहीं, बल्कि उन तमाम सवालों का जवाब खोजने का है, जो इस घटनाक्रम ने खड़े किए हैं.
गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।