पूर्व ADC मेजर ऋषभ सिंह संब्याल का इंस्टाग्राम पेड सबस्क्रिप्शन, हर महीने लाखों की कमाई का अंदाजा
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के पूर्व एडीसी रहे मेजर ऋषभ सिंह संब्याल ने इंस्टाग्राम पर पेड सबस्क्रिप्शन मॉडल शुरू किया है, जिससे उनकी महीने की कमाई को लेकर चर्चा तेज है।
सोशल मीडिया की दुनिया में कौन कब चर्चा का विषय बन जाए, कहना मुश्किल है। इन दिनों भारतीय सेना के पूर्व अधिकारी और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के पूर्व एडीसी मेजर ऋषभ सिंह संब्याल खूब चर्चे में हैं। वजह भी दिलचस्प है, मेजर ऋषभ ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर पेड सबस्क्रिप्शन मॉडल शुरू किया है, जिसके जरिए वे अपने फॉलोअर्स से हर महीने एक तय फीस ले रहे हैं।
करीब 23 लाख यूजर्स इंस्टाग्राम पर ऋषभ सिंह संब्याल को फॉलो करते हैं। इनमें से 3,096 लोगों ने उनका पेड सबस्क्रिप्शन लिया है। एंड्रॉइड यूजर्स के लिए सबस्क्रिप्शन फीस 180 रुपये महीना और आईफ़ोन यूजर्स के लिए 199 रुपये महीना रखी गई है। इसी हिसाब से उनकी महीने की कमाई लाखों में होने का अंदाजा लगाया जा रहा है। कई लोग इसे सेना की नौकरी के बाद करियर का एक नया रास्ता मान रहे हैं, तो कुछ लोग सेना की पृष्ठभूमि वाले अधिकारी के इस तरह पैसे लेने पर सवाल भी उठा रहे हैं।
मेजर ऋषभ सिंह संब्याल ने भारतीय सेना में करीब 12 साल तक सेवा दी है। उन्होंने जाट रेजिमेंट में सेवा दी और 4 पैरा स्पेशल फोर्सेज के लिए भी वॉलंटियर किया था। देश के सबसे बड़े पद पर बैठीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के एडीसी के तौर पर जब वे सरकारी कार्यक्रमों में नजर आए, तो लोग उनकी पर्सनैलिटी के फैन हो गए। सोशल मीडिया पर उनकी लोकप्रियता इतनी बढ़ गई थी कि कई यूजर्स उन्हें नेशनल क्रश तक कहने लगे थे।
अगस्त 2026 में समय से पहले सेना की नौकरी से वॉलंटियर रिटायरमेंट लेने के बाद उन्होंने डिजिटल कंटेंट क्रिएशन की दुनिया में कदम रखा। सेना में रहते हुए फिटनेस, आर्मी लाइफ और स्ट्रगल से जुड़ी उनकी रील्स को लाखों लोगों ने पसंद किया था। अब उसी मजबूत फैन फॉलोइंग को मॉनेटाइज करने का रास्ता उन्होंने चुना है, यही वजह है कि इसकी हर तरफ चर्चा हो रही है। हाल ही में वे राज शमानी के पॉडकास्ट में भी नजर आए थे, जहां उन्होंने एडीसी पद से जुड़ी कई दिलचस्प बातें बताई थीं।
इंस्टाग्राम पर पेड सबस्क्रिप्शन शुरू होने के बाद से ऋषभ सिंह संब्याल की कमाई का अंदाजा लगाया जा रहा है। प्लेटफॉर्म के आंकड़ों और थर्ड-पार्टी एनालिटिक्स के मुताबिक फिलहाल उनके पास 3,096 एक्टिव सबस्क्राइबर्स हैं। एंड्रॉइड यूजर्स के लिए 180 रुपये और आईफ़ोन यूजर्स के लिए 199 रुपये प्रति महीना है। प्लेटफॉर्म के टैक्स और कटौती से पहले उनकी शुरुआती महीने की कमाई करीब 5.97 लाख से 6.06 लाख रुपये के बीच होने का अंदाजा लगाया जा रहा है। सबस्क्रिप्शन लेने वाले फॉलोअर्स को एक्सक्लूसिव पोस्ट, रील्स, सीक्रेट अपडेट्स और सीधे बातचीत का मौका मिलता है।
जब सोशल मीडिया पर यह खबर फैली कि एक पूर्व आर्मी ऑफिसर अपनी रील्स और पोस्ट दिखाने के लिए पैसे ले रहे हैं, तो लोगों की दो अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आईं। कुछ लोगों ने इसे सेना की गरिमा और प्रतिष्ठा के खिलाफ बताते हुए डाउनग्रेड करार दिया। उनका कहना था कि देश के लिए यूनिफॉर्म पहनने वाले अधिकारी को इस तरह कमर्शियल नहीं होना चाहिए। वहीं उनके सपोर्टर्स का कहना है कि सेना से रिटायर होने के बाद हर नागरिक की तरह उन्हें भी अपनी रोजी-रोटी चलाने और नया करियर चुनने का पूरा हक है।