फोक्सवॅगन ID. टिगुआन इलेक्ट्रिक अक्टूबर में आएगी, ID.4 और ID.5 की जगह लेगी
फोक्सवॅगन अपनी मशहूर टिगुआन का नाम अब इलेक्ट्रिक SUV में ले जा रही है। नई ID. टिगुआन अक्टूबर की शुरुआत में पेश होगी और 2027 की शुरुआत में ग्लोबल मार्केट में उतरने की उम्मीद है।
फोक्सवॅगन अब अपनी मशहूर टिगुआन का नाम इलेक्ट्रिक SUV सेगमेंट में भी ले जाने की तैयारी में है। कंपनी की नई ID. टिगुआन इलेक्ट्रिक SUV अक्टूबर की शुरुआत में पेश की जाएगी। 2027 की शुरुआत में इसके ग्लोबल मार्केट में उतरने की उम्मीद है। यह SUV कंपनी की ID.4 और ID.5 की जगह लेगी।
फोक्सवॅगन ने इलेक्ट्रिक गाड़ी के लिए अलग नाम रखने के बजाय टिगुआन जैसा जाना-पहचाना नाम इलेक्ट्रिक सेगमेंट में ले जाने का फैसला किया है। वजह यह है कि इस नाम के साथ ग्राहकों का बड़ा आधार पहले से जुड़ा है। 2021 से अब तक ID.4 और ID.5 की 9.5 लाख से ज्यादा यूनिट बिक चुकी हैं। वहीं दुनिया भर में टिगुआन की 8.3 करोड़ से ज्यादा यूनिट का प्रोडक्शन हो चुका है।
एक अहम बात यह है कि नई ID. टिगुआन मौजूदा पेट्रोल, डीजल और प्लग-इन हायब्रिड टिगुआन की जगह नहीं लेगी। दोनों मॉडल अलग-अलग पावरट्रेन के साथ एक ही वक्त पर बिकने की उम्मीद है। यानी ID. टिगुआन ID.4 और ID.5 की इलेक्ट्रिक उत्तराधिकारी के तौर पर काम करेगी, जबकि सड़कों पर पुरानी टिगुआन भी उसके साथ बिकती रहेगी।
डिज़ाइन की बात करें तो नई इलेक्ट्रिक SUV को मौजूदा टिगुआन से अलग डिज़ाइन भाषा मिलेगी। फोक्सवॅगन के मुताबिक इस SUV में अपने सेगमेंट से बड़ी गाड़ी जैसा रोड प्रेझेन्स दिखेगा। अभी कैमोफ्लाज वाले प्रोटोटाइप की आखिरी टेस्टिंग चल रही है और प्रोडक्शन-स्पेक डिज़ाइन अक्टूबर में सामने आएगा।
फोक्सवॅगन ID. पोलो और ID. क्रॉस के बाद अब ID. टिगुआन के जरिए अपने इलेक्ट्रिक मॉडलों को लोकप्रिय नामों से जोड़ रही है। कंपनी भविष्य में इलेक्ट्रिक गाड़ियों के लिए अलग नामों के बजाय पहचाने हुए मॉडल नेमप्लेट का इस्तेमाल बढ़ाना चाहती है।
नई ID. टिगुआन में बड़ी केबिन, आसान कंट्रोल, नई टेक्नोलॉजी और ज्यादा प्रीमियम डिज़ाइन पर जोर रहेगा। इसी वजह से यह SUV फोक्सवॅगन के अगली पीढ़ी के इलेक्ट्रिक मॉडलों में एक अहम कार साबित हो सकती है।