पहले हथौड़ी से सिर पर वार, फिर दिया करंट
शादी से बचने के लिए प्रेमिका की हत्या, अनैतिक रिश्तों में वारदात
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
नागपुर.
शादी के लिए दबाव डालने से त्रस्त होकर एक युवक ने विवाहित प्रेमिका की हत्या कर दी. घटना को हादसा दिखाने के लिए युवक ने सिर पर वार करने के बाद विवाहिता को गिजर से करंट भी दिया. पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पुलिस ने सच्चाई का पता लगाकरआरोपी को गिरफ्तार किया है. आरोपी जावेद शेख शहीद मन्यार (33) शिव कॉलोनी, जलगांव है.
38 वर्षीय मृतक कविता एमआईडीसी थाना परिसर में रहती थी. उसका पति मजदूरी करता है. सूत्रों के अनुसार कविता के 15 साल से जावेद से प्रेम संबंध थे. जावेद उससे भेंट करने के लिए नागपुर आता था. कविता पति को छोड़कर उसके साथ रहना चाहती थी. इसीलिए वह जावेद पर शादी करने का दबाव डाल रही थी. जावेद टालमटोल कर रहा था. इस बात को लेकर कई दिनों से दोनों में विवाद चल रहा था. उससे छूटकारा पाने के लिए जावेद ने हत्या की योजना बनाई. उसने हथौड़ी से सिर पर वार करके कविता की हत्या कर दी. जावेद इलेक्ट्रीशियन है. घटना को हादसा दिखाने के लिए उसने कविता के शरीर पर गिजर से चार जगह करंट लगाया.
12 अक्तूबर की सुबह कविता का पति पानी गर्म करने के दौरान करंट लगने का बताकर पत्नी को एम्स ले गया. वहां कविता को मृत घोषित कर दिया गया. एमआईडीसी पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज कर जांच आरंभ की. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर पर चोट और शरीर पर करंट दिए जाने का खुलासा हुआ. सिर पर चोट और एक की बजाय शरीर में चार स्थानों पर करंट के निशान होने से पुलिस का संदेह गहरा गया. जांच में कविता के जावेद से अनैतिक रिश्ते होने का पता चला. घटना के वक्त जावेद कविता के घर के पास ही था. इसके बाद वह जलगांव पहुंच गया था. पुलिस ने जलगांव में दबिस देकर जावेद को हिरासत में लिया. उसने हत्या करने का कबूल कर लिया. उसने शादी के लिए दबाव डालने से हत्या करने का बताया.