नागपुर-मुंबई दुरंतो एक्सप्रेस पर पथराव, खिड़की का शीशा टूटने से यात्री के सिर पर लगी चोट
रात में चलती ट्रेन पर हुए हमले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल, रेलवे की सुरक्षा पर उठे सवाल
नागपुर से मुंबई की तरफ जा रही दुरंतो एक्सप्रेस में सफर के दौरान एक अजीब और डरावनी घटना सामने आई है, जिसके बाद रेलवे में यात्रियों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं। मिली जानकारी के मुताबिक, ट्रेन नागपुर से मुंबई की दिशा में निकली थी और रात के वक्त बाहर से एक्सप्रेस पर पत्थरबाजी कर दी गई।
यह हमला इतना जबरदस्त था कि पत्थर ने ट्रेन की खिड़की का कांच तोड़ दिया और सीधा अंदर बैठे यात्री पर जा गिरा। जिस वक्त यह हुआ, कोच में बैठे यात्रियों को इसका कोई अंदाजा भी नहीं था। वे अपने दोस्तों के साथ सफर का मजा ले रहे थे कि अचानक यह हमला हो गया। इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर शेयर किया जा चुका है।
इंस्टाग्राम यूजर और ट्रैवलर @aesthetetraveller नाम के क्रिएटर ने यह वीडियो शेयर करते हुए बताया कि उनके साथ क्या हुआ। उन्होंने रेलवे की सुरक्षा पर सवाल उठाते हुए पूछा कि क्या ट्रेन में यात्री वाकई सुरक्षित हैं। क्रिएटर के मुताबिक उस वक्त उनके आसपास दूसरे परिवार और कुछ छोटे बच्चे भी सफर कर रहे थे। पत्थर खिड़की से टकराने के कारण क्रिएटर को खुद तो ज्यादा चोट नहीं आई, लेकिन उनके कुछ दोस्तों को मामूली चोटें लगीं। यह घटना उस वक्त हुई जब लोग रात का खाना खा रहे थे। हमले के बाद खिड़की का शीशा पूरी तरह टूट गया और उसमें एक बड़ा छेद बन गया।
वीडियो के आखिर में ट्रेन के बाहर का हिस्सा दिखाया गया है, जहां पुलिस अधिकारी घटनास्थल की जांच करते नजर आ रहे हैं। वीडियो शेयर करते हुए क्रिएटर ने अपना अनुभव बताते हुए एक बार फिर ट्रेन की सुरक्षा का मुद्दा उठाया। इस घटना के वायरल होते ही सोशल मीडिया पर इस पर खूब चर्चा शुरू हो गई। कई यूजर्स ने वीडियो के कमेंट सेक्शन में अपनी प्रतिक्रिया दी। एक यूजर ने लिखा कि ट्रेन की खिड़कियों के बाहर डैशकैम लगाने की जरूरत है। दूसरे यूजर ने लिखा कि मुंबई एक्सप्रेस में उसके साथ भी ऐसा ही हुआ था। एक और यूजर ने लिखा कि यह बहुत खतरनाक है और सफर बिलकुल भी सुरक्षित नहीं है।
खबर छप चुकी है, लेकिन लाइव थ्रेड अभी शुरू नहीं हुआ। डेस्क कोई अपडेट डालते ही वह यहाँ दिखेगा।