नागपुर के गोधनी रोड पर ट्रक की टक्कर से इंजीनियरिंग छात्रा की मौत, दूसरी घायल
गोधनी रोड पर मंगलवार शाम कॉलेज से लौट रहीं दो इंजीनियरिंग छात्राओं की ई-स्कूटर को ट्रक ने टक्कर मारी। एक की मौत हो गई, दूसरी का इलाज चल रहा है।
नागपुर जिले के गोधनी रोड पर मंगलवार की शाम एक दर्दनाक हादसा हुआ। कॉलेज से घर लौट रहीं दो इंजीनियरिंग छात्राओं की गाड़ी को एक ट्रक ने टक्कर मार दी। इस हादसे में एक छात्रा की जान चली गई, जबकि दूसरी गंभीर रूप से जख्मी है और उसका इलाज चल रहा है।
जानकारी के मुताबिक मंगलवार की शाम करीब 5.30 बजे कॉलेज खत्म हुआ। दोनों छात्राएं बोखारा में स्थित झूलेलाल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी में बी.टेक के दूसरे साल की पढ़ाई कर रही बताई जा रही हैं। कॉलेज के बाद दोनों ई-स्कूटर क्रमांक एमएच 49-सीए 6573 पर घर जाने के लिए निकलीं। राजलक्ष्मी लोखंडे (19) गाड़ी चला रही थीं और मुस्कान देवाचंद खियालदासानी (19) पीछे बैठी थीं।
गोधनी से झंडा चौक की तरफ जाते समय नाके के पास ट्रक क्रमांक एमएच 40-बीजी 3114 के चालक ने उनकी गाड़ी को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर के बाद राजलक्ष्मी बायीं तरफ गिरीं। मुस्कान दायीं तरफ गिरीं और ट्रक के पिछले चक्के के नीचे आ गईं। मुस्कान की मौके पर ही मौत हो गई। बताया गया कि वे जरीपटका की रहने वाली थीं।
पुलिस के मुताबिक आरोपी ट्रक चालक कपिलनगर निवासी दामोदर सीताराम सहारे (61) हादसे के बाद मौके से भाग निकला। आसपास के लोग मदद के लिए दौड़े, लेकिन तब तक मुस्कान की जान जा चुकी थी। खबर मिलते ही मानकापुर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल राजलक्ष्मी को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
कुछ नागरिकों ने भागते ट्रक चालक का काफी दूर तक पीछा किया और उसे रास्ते में पकड़ लिया। इस दौरान कुछ लोगों ने उसके साथ मारपीट भी की। इसके बाद मानकापुर पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया। कुछ देर के लिए परिसर में तनाव का माहौल रहा।
पंचनामा के बाद मुस्कान का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। इस घटना से उनके परिजन गहरे सदमे में हैं।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि इस रास्ते पर दिनभर रेत से लदे भारी वाहन चलते रहते हैं। उनके मुताबिक ट्रक चालक बहुत लापरवाही से और तेज रफ्तार में गाड़ी दौड़ाते हैं, इसलिए यहां हमेशा जानलेवा हादसे का खतरा बना रहता है।
खबर छप चुकी है, लेकिन लाइव थ्रेड अभी शुरू नहीं हुआ। डेस्क कोई अपडेट डालते ही वह यहाँ दिखेगा।