रविवार, 15 नवंबर 2026

अभी सब्सक्राइब करें
प्राइम अलर्ट
सारे लाइव अपडेट
PT24 खास खबर

नागपुर के बुकियों की कुंडली खंगाल रही सीबीआई

जुर्म PT24 टीम

रवि नगर में बुकी के ठिकाने पर छापे के बाद कई नाम रडार पर, दिल्ली से हरी झंडी मिलते ही हो सकती है बड़ी कार्रवाई

नागपुर.

महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप के सरगना सौरभ चंद्राकर के अंतरराष्ट्रीय सट्टा नेटवर्क पर सीबीआई का शिकंजा कसता जा रहा है. रवि नगर के एक बुकी के घर छापेमारी के बाद अब सीबीआई नागपुर में सक्रिय उसके स्थानीय नेटवर्क की जड़ें तलाशने में जुट गई है. शहर के कई क्रिकेट बुकियों के नाम जांच एजेंसी के रडार पर आने की जानकारी सामने आई है. इन बुकियों की भूमिका और सौरभ चंद्राकर के नेटवर्क से उनके कथित संबंधों की पड़ताल की जा रही है. दिल्ली से हरी झंडी मिलते ही इनके ठिकानों पर भी कार्रवाई होने की संभावना जताई जा रही है.

14 नवंबर को रवीनगर में सीबीआई की दबिश के बाद शहर के क्रिकेट सट्टा जगत में खलबली मची हुई है. कार्रवाई की भनक लगते ही कई बुकी भूमिगत हो गए हैं. सीबीआई सूत्रों के अनुसार रवि नगर के जिस बुकी के यहां छापेमारी की गई, उससे जुड़े स्थानीय सट्टेबाजों की जानकारी जुटाई जा रही है. शुरुआती जांच में ही कुछ नाम सामने आने की चर्चा है. अब एजेंसी इनकी गतिविधियों, आर्थिक लेनदेन, चल-अचल संपत्ति और विदेश यात्राओं का ब्योरा खंगाल रही है.

रवि नगर के बुकी से खुल सकते हैं कई राज

सीबीआई ने 14 नवंबर को देशभर में 35 से अधिक ठिकानों पर छापेमारी कर महादेव ऑनलाइन सट्टा प्रकरण में बड़ी कार्रवाई की थी. इसी कार्रवाई की कड़ी में नागपुर के रवि नगर स्थित एक बुकी का ठिकाना भी जांच के दायरे में आया. 'शेख' नाम से चर्चित यह बुकी लंबे समय से क्रिकेट सट्टेबाजी में सक्रिय बताया जाता है. नागपुर के कई बड़े सट्टेबाजों से उसके संपर्क होने की जानकारी सामने आई है. सीबीआई अब इसी कड़ी को पकड़कर स्थानीय सट्टा नेटवर्क की परतें खोलने में जुटी है.

फटेहाल से करोड़ों के साम्राज्य तक का सफर

शहर के सट्टा कारोबार में सक्रिय कुछ बुकियों की आर्थिक हैसियत में पिछले एक दशक के दौरान आए कथित बदलाव भी जांच का अहम हिस्सा बन सकते हैं. कभी सामान्य आर्थिक स्थिति में रहने वाले कुछ सट्टेबाजों ने देखते ही देखते आलीशान जीवनशैली और करोड़ों की संपत्ति खड़ी कर ली. उनका कारोबार नागपुर से लेकर दुबई तक फैले होने की चर्चा है. जांच एजेंसी इनकी संपत्तियों के साथ विदेश यात्राओं का रिकॉर्ड भी खंगाल सकती है. पासपोर्ट, वीजा और विदेश प्रवास की जानकारी से इनके अंतरराष्ट्रीय संपर्कों की कड़ियां जुड़ने की संभावना है. खासकर दुबई और अन्य देशों में इनके नियमित आवागमन की पड़ताल अहम मानी जा रही है. कई बुकियों ने तो दुबई में भी अकूत संपति खरीदी है.

जरीपटका के बुकियों के नामों की भी चर्चा

महादेव सट्टा नेटवर्क से जरीपटका क्षेत्र के कुछ बुकियों के जुड़े होने की जानकारी भी सामने आई है. इनमें बंटी, रोहन, शुक्ला, जैकी और परेश जैसे नामों की चर्चा है. बताया जाता है कि बंटी 'मर्क्यूरी' नाम से सट्टे की बुक संचालित करता है, जबकि बोमा 'जगुआर' और विशाल 'बिक्सन' नाम से चर्चित है। जैकी और शुक्ला की भी क्रिकेट सट्टेबाजी के कारोबार में अच्छी पकड़ बताई जाती है. परेश पहले बोमा का करीबी था. बोमा का नाम कुछ समय पहले मारपीट करके धमकाने के प्रकरण से चर्चा में आया था. इसके बाद वह मुंबई 'शिफ्ट' हो गया. हालांकि, इन सभी लोगों की महादेव नेटवर्क में वास्तविक भूमिका की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी.

सौरभ की गिरफ्तारी के बाद तेज हुई जांच

गौरतलब है कि महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप का सरगना सौरभ चंद्राकर विदेश में बैठकर भारत में क्रिकेट सट्टेबाजी के अलावा फुटबॉल और ऑनलाइन जुए का नेटवर्क संचालित करता था. सीबीआई उसे 1 नवंबर को ओमान से भारत लेकर आई थी. सीबीआई की हिरासत समाप्त होने के बाद ईडी ने उसे गिरफ्तार किया. फिलहाल वह 19 नवंबर तक ईडी की हिरासत में है.

सौरभ की गिरफ्तारी और उसके नेटवर्क पर देशव्यापी छापेमारी के बाद अब नागपुर के सट्टा कारोबारियों पर भी जांच एजेंसियों की नजरें टिक गई हैं. सवाल यह है कि रवि नगर के एक बुकी से शुरू हुई जांच की आंच शहर के कितने बड़े सट्टेबाजों तक पहुंचेगी और क्या नागपुर से दुबई तक फैले कथित सट्टा साम्राज्य का पूरा नेटवर्क बेनकाब हो पाएगा.

#नागपुर#जुर्म#PT24#Crime#Nagpur

गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।

विज्ञापन