मुंबई लोकल में दो यात्रियों के झगड़े में फेंका चाकू तीसरे यात्री की छाती में लगा, एक हिरासत में
अंधेरी से निकली विरार-चर्चगेट फास्ट लोकल में दो यात्रियों की लड़ाई के बाद फेंका गया चाकू दरवाजे के पास खड़े 53 साल के यात्री को लगा। आरोपी शिवा गायकवाड़ हिरासत में है।
मुंबई की लोकल ट्रेन में रविवार दोपहर दो यात्रियों के झगड़े की चपेट में एक बेकसूर यात्री आ गया। झगड़े के बाद फेंका गया चाकू निशाने पर नहीं लगा और दरवाजे के पास खड़े 53 साल के सुरेश शर्मा की छाती में जा धंसा। वे गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
धारावी में रहने वाले सुरेश शर्मा रविवार को काम से बोरीवली गए थे। वहां से लौटते समय वे विरार से चर्चगेट जा रही फास्ट लोकल में सवार थे। ट्रेन अंधेरी स्टेशन से आगे बढ़ी तो उनके पीछे की सीट पर बैठे दो यात्री किसी बात पर आपस में उलझ पड़े। बहस बढ़ती गई और गाली-गलौज के बाद दोनों में हाथापाई शुरू हो गई।
दोपहर 12:12 बजे लोकल अंधेरी स्टेशन पर रुकी। तब एक यात्री प्लेटफॉर्म पर उतर गया, जबकि दूसरा डिब्बे में ही खड़ा रहा। ट्रेन के स्टेशन से चलते ही प्लेटफॉर्म पर खड़े युवक ने गुस्से में डिब्बे में खड़े यात्री की तरफ एक धारदार चाकू फेंका। निशाना चूक गया और चाकू दरवाजे के पास खड़े सुरेश शर्मा की छाती के दाहिने हिस्से में लगा। अचानक हुई इस वारदात से डिब्बे में हड़कंप मच गया और शर्मा खून से लथपथ होकर गिर पड़े।
इसके बाद चेन खींची गई और लोकल दोपहर 12:21 बजे बांद्रा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 5 पर रोक दी गई। रेलवे सुरक्षा बल यानी आरपीएफ के जवानों ने जांच की तो देखा कि सुरेश शर्मा की छाती से खून बह रहा है। सूचना मिलते ही आरपीएफ के इंस्पेक्टर आर. के. शर्मा और सब-इंस्पेक्टर अरुण कुमार पांडे मौके पर पहुंचे।
घायल शर्मा को पहले बांद्रा स्टेशन मैनेजर के दफ्तर में प्राथमिक इलाज दिया गया। फिर उन्हें तुरंत बांद्रा के भाभा अस्पताल में भर्ती कराया गया। रेलवे सुरक्षा बल के मुताबिक उनकी हालत फिलहाल स्थिर है।
उधर, चाकू फेंकने के बाद भागने की कोशिश कर रहे 25 साल के शिवा गायकवाड़ को रेलवे पुलिस ने हिरासत में ले लिया। उसे इस मामले का मुख्य आरोपी बताया गया है। जानकारी के मुताबिक वह बिना टिकट सफर कर रहा था। आगे की जांच के लिए मामला अंधेरी रेलवे पुलिस को सौंप दिया गया है।
बीते कुछ महीनों से मुंबई की लोकल ट्रेनों में यात्रियों के बीच झगड़े और मारपीट के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। अब ऐसे विवाद जानलेवा साबित होने लगे हैं।
गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।