मैकिन्जी रिपोर्ट: बैंकों में जोखिम प्रबंधन का 60 से 70% हाथ का काम AI कर सकता है
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
मैकिन्जी की रिपोर्ट के मुताबिक बैंकों में कर्मचारियों के हाथ से होने वाले जोखिम प्रबंधन के 60% से 70% काम AI से स्वचालित हो सकते हैं। रिपोर्ट छंटनी की नहीं, काम स्वचालित करने की सिफारिश करती है।
बैंकिंग सेक्टर में AI के बढ़ते असर को लेकर एक नई रिपोर्ट आई है और बैंक कर्मचारियों में इससे हलचल है। McKinsey की रिपोर्ट के मुताबिक, अभी कर्मचारी हाथ से जोखिम प्रबंधन के जो काम करते हैं, उनमें से 60% से 70% काम AI स्वचालित कर सकता है।
बैंकों में जोखिम प्रबंधन का मतलब ग्राहक या कंपनी को कर्ज देने में जुड़े जोखिम की जांच करना है। इसके लिए कर्मचारियों को तरह-तरह की जानकारी जमा करनी पड़ती है और कागजात की जांच करनी पड़ती है। AI की मदद से ग्राहकों और कंपनियों की आर्थिक जानकारी जमा करना, कर्ज के कागजात तैयार करना और उनकी पड़ताल करना आसान हो सकता है। इसी तरह नियमों का पालन हो रहा है या नहीं, यह देखना, बैंक के लेन-देन पर नजर रखना और बैंकों में धोखाधड़ी पर निगरानी रखना भी AI से हो सकता है।
रिपोर्ट के मुताबिक इस बदलाव से बैंकों का वक्त और खर्च कम होगा। कर्मचारी ज्यादा अहम कामों पर ध्यान दे सकेंगे। लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि 70% बैंक कर्मचारियों की नौकरी चली जाएगी। रिपोर्ट कर्मचारियों की संख्या बड़े पैमाने पर घटाने के बजाय हाथ से होने वाले कामों को स्वचालित करने की सिफारिश करती है।
McKinsey के मुताबिक AI से बचे वक्त और संसाधनों का इस्तेमाल बैंक ज्यादा अहम कामों में कर सकते हैं। रिपोर्ट कहती है कि बैंक बची हुई क्षमता का करीब आधा हिस्सा बेहतर विश्लेषण, जोखिम पर आधारित सलाह और जल्द फैसले लेने में लगा सकते हैं। बाकी संसाधन AI तकनीक विकसित करने, डेटा की सुरक्षा करने और नए तकनीकी सिस्टम बनाने में लगाए जा सकते हैं। यानी बैंक के कर्मचारियों को सिर्फ कागजात जांचने की जगह ज्यादा चुनौती वाले कामों में लगाया जा सकता है।
रिपोर्ट के अनुसार AI के आने से बैंकिंग सेक्टर के कामकाज में बड़े बदलाव हो सकते हैं। जिन कामों में एक ही प्रक्रिया बार-बार दोहरानी पड़ती है, उनमें AI का इस्तेमाल बढ़ सकता है। मगर पेचीदा मामलों का आकलन करने, अहम फैसले लेने और जोखिम से जुड़ी सलाह देने जैसे कामों में इंसान की अहम भूमिका बनी रहेगी। बैंकों को ऐसे कर्मचारी चाहिए होंगे जो बैंकिंग और AI, दोनों की समझ रखते हों। इसलिए कर्मचारियों के लिए नई तकनीक सीखना और अपना हुनर बढ़ाना जरूरी होगा।
रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि जो बैंक AI को जल्दी अपनाएंगे, उन्हें दूसरों के मुकाबले फायदा मिल सकता है। AI से बैंक कम वक्त में बेहतर फैसले ले सकेंगे और अपना खर्च घटा सकेंगे। हालांकि बड़े पैमाने पर AI लागू करने के लिए बैंकों के पास मजबूत तकनीकी सिस्टम, प्रशिक्षित कर्मचारी और डेटा सुरक्षा के साफ नियम होने चाहिए।
गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।