खतरों के खिलाड़ी 15 की पार्टी में अविनाश ने ईशा से कही दिल की बात, वीडियो वायरल
खतरों के खिलाड़ी 15 की सक्सेस पार्टी का अविनाश मिश्रा और ईशा सिंह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में है।
'खतरों के खिलाड़ी 15' का ग्रैंड फिनाले हाल ही में खत्म हुआ है और अविनाश मिश्रा इस सीज़न की ट्रॉफी अपने नाम कर चुके हैं। जीत के बाद उनके लिए एक सक्सेस पार्टी रखी गई थी, जिसमें शो के बाकी कंटेस्टेंट ने भी खूब मस्ती की।
इस पार्टी के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं, लेकिन एक वीडियो ने इस वक्त सबका ध्यान खींच लिया है। इसमें अविनाश मिश्रा और ईशा सिंह साथ नज़र आ रहे हैं।
वीडियो में अविनाश पार्टी के दौरान ईशा को 'बेबी' कहकर बुलाते दिखते हैं और उसके बाद ईशा के लिए अपनी भावनाएं जाहिर करते हैं। वे कहते सुनाई देते हैं, "तुम्हारे प्यार और सपोर्ट के लिए शुक्रिया, बेबी। मैं शुक्रगुजार हूं और खुद को खुशनसीब मानता हूं कि मेरी ज़िंदगी में ईशा हैं। मुझे तुमसे बहुत प्यार है, बेबी।" इसी वजह से सोशल मीडिया पर चर्चा चल पड़ी है कि अविनाश ने ईशा को प्रपोज कर दिया।
दिलचस्प बात यह है कि अपनी बात कहने के बाद अविनाश ने वीडियो बना रहे शख्स से गुज़ारिश की कि इसे सोशल मीडिया पर अपलोड न करे। वीडियो में अविनाश को यह कहते सुना जा सकता है, "भाई, यह वीडियो अपलोड मत करना।" इसके बावजूद वीडियो सोशल मीडिया पर फैल गया।
अविनाश और ईशा की नज़दीकियां 'बिग बॉस 18' के समय से चर्चा में रही हैं। शो के दौरान दोनों की गहरी दोस्ती दिखी थी, इसलिए उनके डेटिंग करने की अटकलें भी कई बार उठीं। अविनाश ने शो में ईशा के लिए अपनी भावनाएं ज़ाहिर की थीं, मगर ईशा हमेशा अपने रिश्ते को गहरी दोस्ती ही बताती आई हैं।
2026 की शुरुआत में दोनों की सगाई की चर्चा भी जोर पकड़ चुकी थी। कुछ तस्वीरें वायरल होने के बाद एंगेजमेंट की खबरें सामने आई थीं। लेकिन दोनों कलाकारों ने इन बातों को खारिज करते हुए साफ किया था कि वे तस्वीरें एक प्रमोशनल कैंपेन का हिस्सा थीं।
अब 'खतरों के खिलाड़ी 15' की सक्सेस पार्टी का यह वीडियो आने के बाद एक बार फिर दोनों के रिश्ते को लेकर बातें हो रही हैं।