जिओ का 51 रुपये वाला ऐड-ऑन पैक, बेस प्लान वालों को मिलेगा अनलिमिटेड 5G डेटा
जिओ ने प्रीपेड यूजर्स के लिए 51 रुपये में डेटा बूस्टर लॉन्च किया, जो सिर्फ खास बेस प्लान वालों को अनलिमिटेड 5G इंटरनेट देगा।
देश की सबसे बड़ी टेलिकॉम कंपनी जिओ ने अपने प्रीपेड सिम यूजर्स के लिए सिर्फ 51 रुपये का एक 5G प्लान निकाला है। जो लोग कम पैसे में कंपनी की 5G स्पीड चलाना चाहते हैं, उनके लिए यह प्रीपेड प्लान काफी फायदे का सौदा लग सकता है। रिलायंस जिओ अपने यूजर्स को लुभाने के लिए वक्त-वक्त पर जेब पर हल्के रिचार्ज प्लान लाती रहती है।
आजकल पढ़ाई हो, वर्क फ्रॉम होम हो या फिर एंटरटेनमेंट, हर जगह हाई-स्पीड इंटरनेट की जरूरत पड़ने लगी है। इसी डिमांड को देखते हुए जिओ ने अपने 'ट्रू अनलिमिटेड अपग्रेड' पोर्टफोलियो में सिर्फ 51 रुपये का एक बहुत सस्ता ऐड-ऑन पैक जोड़ दिया है। इस प्लान का मकसद यही है कि जो यूजर बिना महंगा मंथली रिचार्ज कराए रोज अनलिमिटेड 5G डेटा चलाना चाहते हैं, उन्हें हाई-स्पीड कनेक्टिविटी मिल जाए।
अब बात करते हैं कि इस 51 रुपये वाले जिओ ऐड-ऑन प्लान में खास क्या है। यह जिओ बूस्टर पैक यूजर्स को अनलिमिटेड 5G हाई-स्पीड डेटा देता है। इसके अलावा अगर आप कभी ऐसी जगह चले जाएं जहां सिर्फ 4G नेटवर्क है, तो इमरजेंसी यूज के लिए यह पैक 3GB एक्स्ट्रा 4G डेटा भी देता है। यह 3GB 4G डेटा खत्म होने के बाद इंटरनेट की स्पीड घटकर 64Kbps तक आ जाती है। सबसे जरूरी बात यह है कि इस 51 रुपये के पैक की अपनी अलग वैलिडिटी नहीं है, बल्कि इसकी वैलिडिटी उतनी ही रहेगी जितनी आपके एक्टिव बेस प्लान की बची हुई वैलिडिटी है।
अब सवाल यह उठता है कि क्या यह प्लान सभी जिओ यूजर्स के लिए है। ऐसा नहीं है। ध्यान रखने वाली बात यह है कि 51 रुपये का यह प्लान कोई अलग से रिचार्ज नहीं है, बल्कि यह एक डेटा बूस्टर ऐड-ऑन है। इसका फायदा सिर्फ उन्हीं प्रीपेड यूजर्स को मिल सकता है, जिनके नंबर पर पहले से ही एक महीने तक की वैलिडिटी वाला, रोज 1.5GB डेटा देने वाला बेस प्लान एक्टिव हो।
जिन यूजर्स के पास रोज 2GB या उससे ज्यादा डेटा वाले एलिजिबल प्लान पहले से चल रहे हैं, उन्हें बिना किसी एक्स्ट्रा चार्ज के पहले से ही अनलिमिटेड 5G मिल रहा है। साथ ही, इस सुविधा का फायदा उठाने के लिए ग्राहक के पास 5G स्मार्टफोन होना और वह जिओ के 5G कवरेज एरिया में होना जरूरी है।
यह चेक करने के लिए कि आपके इलाके में जिओ ट्रू 5G नेटवर्क है या नहीं, MyJio ऐप खोलना होगा। ऐप ओपन करके मोबाइल सेक्शन में 'ट्रू 5G' ऑप्शन पर टैप करना है। इसमें दिया 'चेक 5G रेडीनेस' फीचर आपकी डिवाइस और इलाके की कवरेज तुरंत स्कैन कर देगा। अगर आपका 5G फोन सपोर्टेड है और आपके पास 1.5GB प्रतिदिन वाला एक्टिव मंथली पैक है, तो 51 रुपये का रिचार्ज कराकर एक महीने के लिए अनलिमिटेड 5G सर्विस तुरंत अनलॉक की जा सकती है।