एशियन गेम्स हॉकी: भारत की साउथ कोरिया पर 8-2 से लगातार तीसरी जीत
भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने एशियन गेम्स 2026 में साउथ कोरिया को 8-2 से हराकर लगातार तीसरी जीत दर्ज की, अगला मुकाबला जापान से।
भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने एशियन गेम्स 2026 में अपना शानदार फॉर्म बरकरार रखा है। गुरुवार को हुए एकतरफा मुकाबले में भारतीय टीम ने साउथ कोरिया को 8-2 से करारी शिकस्त दी। यह टूर्नामेंट में भारत की लगातार तीसरी जीत रही।
इससे पहले भारत ने शुरुआती मुकाबले में इंडोनेशिया को 13-1 से रौंदा था, फिर श्रीलंका को 16-1 से हराया था। अब साउथ कोरिया के खिलाफ भी टीम इंडिया ने अपनी बादशाहत कायम रखी। मैच के चौथे मिनट में ही भारत ने बढ़त बना ली, यह पहला गोल शिलानंद लाकरा ने किया।
10वें मिनट में सुखजीत सिंग ने भारत की बढ़त को दोगुना कर दिया। शुरुआती दस मिनट में ही दो गोल खाने के बाद साउथ कोरिया के डिफेंडर पूरी तरह दबाव में आ गए, और इसी का फायदा उठाते हुए भारतीय कप्तान हरमनप्रीत सिंग ने 11वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर पर गोल दाग दिया। यह भारत का तीसरा गोल था। पहले क्वार्टर के खत्म होते-होते अभिषेक ने चौथा गोल करके भारत की बढ़त को चार गुना कर दिया।
दूसरे क्वार्टर में साउथ कोरिया के डिफेंस ने कुछ जोर लगाया और शुरुआत में भारतीय टीम को ज्यादा मौके नहीं दिए। लेकिन 26वें मिनट में दिलप्रीत सिंग ने प्रतिद्वंद्वी टीम का डिफेंस भेदने में कामयाबी हासिल की और भारत की बढ़त 5-0 कर दी। इसके छह मिनट बाद, यानी 32वें मिनट में दिलप्रीत ने अपना दूसरा और भारत के लिए छठा गोल किया। भारत के लगातार हमलों के सामने साउथ कोरिया लगभग घुटनों पर आ गया था, और उनके डिफेंस को एक बार फिर अभिषेक ने भेदा, जिससे भारत का सातवां गोल हुआ।
हालांकि साउथ कोरिया ने आखिर तक हार नहीं मानी और अच्छी टक्कर दी। उनकी ओर से मैच के 42वें मिनट में पहला गोल किम जेहो ने किया। इसके करीब दस मिनट बाद साउथ कोरिया की ओर से दूसरा गोल किम याँग बोक ने किया। आखिरी क्वार्टर में भारत के लिए आठवां गोल राजिंदर सिंग ने किया, जिसके साथ ही भारत की एक और दमदार जीत पर मुहर लग गई।
भारतीय हॉकी टीम को अब अपना अगला मुकाबला 26 सितंबर को जापान के खिलाफ खेलना है।