एशियन गेम्स : भारतीय पुरुष बैडमिंटन टीम ने बांग्लादेश को 3-0 से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई
लक्ष्य सेन, आयुष शेट्टी और किदांबी श्रीकांत की दमदार जीत से भारत ने एकतरफा मुकाबले में बांग्लादेश को शिकस्त दी, अब मंगलवार को जापान से भिड़ंत।
एशियन गेम्स 2026 में भारतीय पुरुष बैडमिंटन टीम ने शानदार शुरुआत करते हुए बांग्लादेश को 3-0 से मात दी। पूरे मुकाबले में भारतीय खिलाड़ियों का दबदबा रहा और लक्ष्य सेन, आयुष शेट्टी तथा किदांबी श्रीकांत ने बारी-बारी से जीत दर्ज कर टीम को एकतरफा जीत दिलाई। इस जीत के साथ भारतीय टीम ने क्वार्टर फाइनल में जगह पक्की कर ली है।
मुकाबले की शुरुआत लक्ष्य सेन ने बेहतरीन खेल दिखाकर की। बांग्लादेश के खिलाड़ी अयमान इब्न झमान के खिलाफ खेलते हुए लक्ष्य ने पहले सेट में पूरी तरह कंट्रोल बनाए रखा। लगातार दमदार शॉट्स लगाते हुए उन्होंने यह सेट 21-4 के बड़े अंतर से अपने नाम किया। इसके बाद भी लय बरकरार रखते हुए लक्ष्य ने दूसरा सेट 21-12 से जीता और भारत को 1-0 की बढ़त दिला दी। लक्ष्य के जोरदार स्मैश के आगे झमान कहीं टिक नहीं पाए।
दूसरे मुकाबले में आयुष शेट्टी ने कमाल का प्रदर्शन किया। बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड चैंपियनशिप में बेहतरीन खेल दिखाकर चर्चा में आए आयुष बांग्लादेश के गौरव सिंघा पर पूरी तरह हावी रहे। उन्होंने सिंघा को वापसी का कोई मौका ही नहीं दिया। आयुष ने पहला सेट 21-4 और दूसरा सेट 21-13 से जीतकर भारत की बढ़त को 2-0 कर दिया।
तीसरे और आखिरी मुकाबले में किदांबी श्रीकांत का प्रदर्शन सबसे बेहतरीन रहा। उन्होंने बांग्लादेश के खिलाड़ी जुमार अल-अमीन को हराकर भारत की जीत पर मुहर लगाई। हालांकि पहले सेट में श्रीकांत कुछ देर के लिए अपनी लय से भटक गए थे, लेकिन जल्द ही संभलते हुए उन्होंने यह सेट 21-15 से जीत लिया। दूसरे सेट में उन्होंने जुमार को वापसी का कोई मौका नहीं दिया और 21-10 से जीत दर्ज कर बांग्लादेश की हार पक्की कर दी।
इस जीत के साथ भारतीय पुरुष टीम ने क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। क्वार्टर फाइनल मुकाबले में भारत का सामना मंगलवार को जापान से होगा। अगर भारतीय टीम यह मुकाबला जीत जाती है, तो उसका मेडल पक्का हो जाएगा।