ई-रिक्शा को ओवरटेक करना पड़ा भारी, कार पलटी और शीशे से बाहर निकला शरीर, Video Viral
दिल्ली के शक्ति नगर गोल चक्कर पर ओवरटेक करते वक्त कार बेकाबू होकर पलट गई, हादसे का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है
सड़क पर गाड़ी चलाते वक्त थोड़ी सी लापरवाही कितनी महंगी पड़ सकती है, इसका एक और उदाहरण सामने आया है। दिल्ली के शक्ति नगर गोल चक्कर के पास हुए एक हादसे का वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक कार ओवरटेक करते वक्त बेकाबू होकर पलट जाती है।
वीडियो में एक सफेद रंग की वैगन-आर कार सड़क पर तेज रफ्तार से जाती दिखती है। बताया जा रहा है कि यह घटना दिल्ली के शक्ति नगर गोल चक्कर के पास हुई। कार चालक बाईं तरफ से एक ई-रिक्शा को ओवरटेक करने की कोशिश करता है, लेकिन इसी दौरान गाड़ी का बैलेंस बिगड़ जाता है। कार सड़क पर घिसटते हुए पलट जाती है और सड़क किनारे जाकर टकरा जाती है। चालक गाड़ी को संभालने की कोशिश करता है, लेकिन कार दूसरी तरफ जाकर डिवाइडर से जा टकराती है।
हादसे का सबसे डरावना पल तब आता है जब कार का पिछला शीशा टूट जाता है। पिछली सीट पर बैठे एक युवक का सिर और शरीर का ऊपरी हिस्सा टूटे हुए शीशे से बाहर निकल आता है। कार के पलटने के दौरान वह युवक बेहद खतरनाक स्थिति में नजर आता है। हालांकि, राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी की जान नहीं गई, लेकिन कार में सवार शख्स को गंभीर चोट जरूर आई। यह हादसा कब हुआ, इसकी सटीक तारीख सामने नहीं आई है, लेकिन वीडियो को zingabad नाम के एक्स अकाउंट से 24 सितंबर 2026 को शेयर किया गया था। इस हादसे में ठीक कितने लोग घायल हुए, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है।
वीडियो शेयर होने के बाद कई यूजर्स ने इस पर अपनी प्रतिक्रिया दी। एक यूजर ने कमेंट में लिखा कि वैसी मारुति कार आपको आपकी औकात जरूर दिखा देती है, बचने का कोई रास्ता नहीं था क्योंकि वह तेज रफ्तार में गलत तरीके से आगे बढ़ रहा था। एक दूसरे यूजर ने लिखा कि इसमें पूरी गलती कार चालक की थी। वहीं एक अन्य यूजर ने लिखा कि इसीलिए ओवरटेक करने की गलती नहीं करनी चाहिए।
इस पूरी घटना से एक बार फिर यह साफ हो गया है कि सड़क पर ट्रैफिक नियमों का पालन करना कितना जरूरी है। बिना सोचे-समझे किया गया ओवरटेक न सिर्फ अपनी बल्कि साथ बैठे लोगों की जान को भी खतरे में डाल सकता है।