डोंबिवलीः डी मार्ट के पास रिक्शा वालों पर ज्यादा किराया वसूलने और धमकाने का आरोप
सेफ्टी वेल्फेअर असोसिएशन के अध्यक्ष विशाल शेटे ने डी मार्ट के सामने के अनधिकृत रिक्शा स्टैंड पर मनमाना किराया वसूलने और विरोध करने पर बदतमीजी करने का आरोप लगाया है, आरटीओ और पुलिस से कार्रवाई की मांग की।
डोंबिवली के मानपाडा रोड पर डी मार्ट के मेन गेट के सामने बने एक कथित अनधिकृत रिक्शा स्टैंड को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। सेफ्टी वेल्फेअर असोसिएशन के संस्थापक अध्यक्ष विशाल वि. शेटे का कहना है कि यहां खड़े रिक्शा वाले पैसेंजर्स से जरूरत से ज्यादा किराया वसूल रहे हैं, और कोई विरोध करे तो उसके साथ बदतमीजी और धमकी तक दी जाती है। इस वजह से आने-जाने वाले लोगों में काफी नाराजगी है। शेटे ने मांग की है कि ट्रैफिक डिपार्टमेंट और आरटीओ इन रिक्शा चालकों पर कार्रवाई करे।
शेटे के मुताबिक 22 सितंबर की रात करीब साढ़े आठ बजे उन्होंने डी मार्ट से 90 फुट रोड, कांचनगांव-ठाकुर्ली जाने के लिए रिक्शा बुक की। उनका कहना है कि इस रूट के लिए पिछले कुछ महीनों से करीब 150 रुपये किराया लिया जा रहा था, लेकिन इस बार रिक्शा वाले ने 180 रुपये मांगे। जब उन्होंने पूछा कि 30 रुपये एक्स्ट्रा क्यों लिए जा रहे हैं, तो रिक्शा चालक ने रूखेपन से जवाब दिया कि इतना किराया देना ही पड़ेगा, जाना है तो जाओ। खास बात यह कि इलाके के दूसरे रिक्शा वालों को भी हिदायत दी गई थी कि 90 फुट रोड इलाके में 180 रुपये से कम किराए में किसी पैसेंजर को न बिठाएं। जब इस मनमानी पर सवाल उठाया गया तो कुछ रिक्शा चालक इकट्ठा होकर जोर-जोर से बहस करने लगे।
शेटे का आरोप है कि डी मार्ट के आसपास ओला या उबर के ड्राइवर अगर पैसेंजर लेने आते हैं, तो कुछ रिक्शा वाले उन्हें भी धमकाते हैं।
शेटे ने संबंधित ट्रैफिक पुलिस अधिकारियों से मांग की है कि रिक्शा यूनियन के पदाधिकारी अपने मेंबर्स को हिदायत दें कि वे ट्रैफिक के नियम पालें, अनधिकृत जगह पर रिक्शा खड़ी न करें, पैसेंजर्स से ज्यादा किराया न वसूलें, सवारी लेने से इनकार न करें और लोगों के साथ अच्छे से पेश आएं।
उन्होंने यह भी मांग की है कि उपप्रादेशिक परिवहन कार्यालय (कल्याण), ठाणे शहर ट्रैफिक शाखा और कोलशेवाडी ट्रैफिक नियंत्रण उपशाखा इस मामले की तुरंत जांच करें और नियम तोड़ने की पुष्टि होने पर उचित कार्रवाई करें, ताकि डी मार्ट इलाके में रिक्शा वालों की यह मनमानी तुरंत बंद हो।
इस बारे में भाजपा प्रणीत रिक्शा चालक मालक संगठन के कार्याध्यक्ष दत्ता मालेकर से पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि अगर कोई रिक्शा वाला इस तरह की हरकत कर रहा है तो उस पर कानूनी कार्रवाई जरूर होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि उनकी यूनियन ऐसे लोगों को बचाने का काम नहीं करेगी। मालेकर ने बताया कि यह मामला उनके पास भी आया है और उन्होंने आरटीओ अधिकारियों और ट्रैफिक पुलिस को इस पर ध्यान देने को कह दिया है।