चलती ट्रेन के 3 एसी कोच में सैंडविच बनाते दिखा सूरत का परिवार, वीडियो पर भड़के यूजर्स
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में सूरत का एक परिवार ट्रेन के 3 एसी कोच की मिडिल बर्थ पर सैंडविच बनाता दिख रहा है। यूजर्स ने इस पर नाराजगी जताई है।
रेल के सफर में यात्रियों को कई तरह के अनुभव होते हैं, और कई बार यात्री अपने अजीब बर्ताव की वजह से सोशल मीडिया पर चर्चा में आ जाते हैं। इन दिनों ऐसा ही एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें सूरत का एक परिवार ट्रेन के एसी डिब्बे में अपना 'पर्सनल किचन' चलाता नजर आ रहा है। इस वीडियो को देखकर यूजर्स का गुस्सा भड़क गया है।
वीडियो में दिखता है कि परिवार 3 एसी कोच में सफर कर रहा है। मिडिल बर्थ पर अखबार बिछाया गया है। उस पर सैंडविच के लिए ब्रेड के स्लाइस फैलाकर रखे गए हैं। पास में ही खीरे और टमाटर के टुकड़े कटे रखे हैं। सफर में घर का खाना साथ ले जाना एक बात है, लेकिन ट्रेन के डिब्बे में बैठकर सबके सामने इस तरह सैंडविच और खाने की दूसरी चीजें तैयार करना देखकर बाकी यात्री भी हैरान रह गए।
वीडियो की सबसे चौंकाने वाली बात महिला का बयान है। वीडियो बनाते समय वे बेफिक्री से कहती सुनाई देती हैं कि अगर उन्हें पहले से पता होता, तो वे घर से सैंडविच गरम करने के लिए इलेक्ट्रिक टोस्टर भी ले आतीं। फिर उसे रेलवे के चार्जिंग सॉकेट में लगाकर गरम टोस्ट बनाया जा सकता था। महिला की यह बात सुनकर यूजर्स का गुस्सा और बढ़ गया।
यह वीडियो इंस्टाग्राम पर शेयर किया गया था और कुछ ही घंटों में तेजी से फैल गया। एक यूजर ने एक्स पर इसे साझा करते हुए लिखा कि सूरत के इस परिवार ने इंस्टाग्राम पर बताया कि वे 3 एसी कोच में सफर कर रहे थे और मिडिल बर्थ पर खाना बना रहे हैं।
कमेंट सेक्शन में यूजर्स ने परिवार के 'सिविक सेंस' पर कड़ी नाराजगी जताई। एक यूजर ने गुस्से में लिखा, "ट्रेन की सीट को ही अपना किचन बना लिया है, कल ये लोग सफर में गैस सिलिंडर भी साथ लेकर घूमेंगे!"
एक और यूजर ने कहा, "3 एसी कोच जैसी सार्वजनिक जगह पर इस तरह पेश आना बेहद गैर-जिम्मेदाराना है। रेल प्रशासन को ऐसे यात्रियों पर जुर्माने की कार्रवाई करनी चाहिए।"
सार्वजनिक परिवहन में सफर करते समय बाकी यात्रियों की सुविधा और साफ-सफाई का ध्यान रखना हर नागरिक की जिम्मेदारी है। इस तरह की घटनाओं से रेल सफर में अनुशासन का सवाल एक बार फिर उठ खड़ा हुआ है।
गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।