मंगलवार, 17 नवंबर 2026

अभी सब्सक्राइब करें
प्राइम अलर्ट
सारे लाइव अपडेट

चाइल्ड ग्रूमिंग क्या है: रिसर्च में सामने आए बच्चों का भरोसा जीतने के 14 तरीके

कमरे में एक व्यक्ति लकड़ी की मेज पर टैबलेट और कॉपी से पढ़ रहा है तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
जुर्म PT24 टीम

नई रिसर्च के मुताबिक बच्चों को जाल में फंसाने वाले लोग 14 अलग-अलग तरीके अपनाते हैं, जिनका कोई तय क्रम नहीं होता। शोधकर्ताओं का कहना है कि सवाल पीड़ित बच्चों पर नहीं, आरोपियों की रणनीति पर उठने चाहिए।

बच्चों और किशोरों को अपने जाल में फंसाने के लिए साइबर अपराधी या विकृत सोच वाले लोग भरोसे का सहारा कैसे लेते हैं, इस पर एक अहम रिसर्च सामने आई है। बाल साहित्यकार और मनोरंजन जगत से जुड़े डेविड वॉलियम्स पर लगे कुछ गंभीर आरोपों के बाद 'ग्रूमिंग' का मुद्दा फिर चर्चा में है। आईटीवी न्यूज और द गार्डियन ने करीब 3 साल की कानूनी लड़ाई के बाद इस रिसर्च के नतीजे प्रकाशित किए हैं।

ग्रूमिंग एक सोची-समझी प्रक्रिया है, जिसमें कोई व्यक्ति बच्चे या टीनेजर का धीरे-धीरे भरोसा जीतता है और उसे यौन शोषण के लिए तैयार करने की कोशिश करता है। असर सिर्फ बच्चे पर नहीं डाला जाता। उसके परिवार के लोगों, करीबी दोस्तों और आसपास के माहौल को भी प्रभाव में लिया जाता है।

इस प्रक्रिया का मकसद पीड़ित को अपने असर में लेना, उसे दूसरे लोगों से अलग करना और अपने बुरे इरादों को छिपाना होता है। आरोपी ऐसा माहौल बनाता है कि बच्चा उसकी हर बात पर आंख मूंदकर यकीन करने लगे। फिर वह अपनी हदें पार करने लगता है। कई बार शुरुआत में बच्चों को समझ ही नहीं आता कि उनके साथ असल में क्या हो रहा है।

आम धारणा है कि ग्रूमिंग हमेशा एक तय क्रम में होती है: पहले दोस्ती, फिर भरोसा, फिर बात को राज रखने को कहना और आखिर में यौन शोषण की कोशिश। रिसर्च बताती है कि हकीकत इतनी सीधी नहीं है। अगर क्रम तय होता, तो पीड़ित बच्चे अलग-अलग मोड़ पर चौकन्ने होकर समय रहते दूरी बना लेते। शोधकर्ताओं के मुताबिक आरोपी सामने वाले और अपने मकसद के हिसाब से रणनीति लगातार बदलते रहते हैं।

ग्रूमिंग की भाषा और तरीकों को समझने के लिए शोधकर्ताओं ने ऑनलाइन चैट का गहराई से विश्लेषण किया। इसमें 'परवर्टेड जस्टिस' नाम के अब बंद हो चुके संगठन की सार्वजनिक की हुई असली चैट का अध्ययन किया गया। इससे आरोपियों के काम करने के 14 अलग-अलग तरीके मिले, जिनका कोई निश्चित क्रम नहीं होता।

इन तरीकों में बातचीत के दौरान दोस्ती बढ़ाना, अपनी निजी बातें बताना, सामने वाले की परेशानियां समझना, यौन विषयों पर बात करना और सीधे मिलने की योजना बनाना शामिल है। आरोपी यह भी पता लगाते हैं कि माता-पिता कब घर से बाहर रहते हैं और बच्चे का कोई अफेयर है या नहीं।

भरोसा जीतना सबसे बड़ा हथियार है। रिसर्च की सबसे अहम बात यह है कि आरोपी बातचीत में काफी लंबे समय तक सिर्फ अपनापन और भरोसा बनाने पर जोर देते हैं। बच्चों की तारीफ करने और अपनी निजी जिंदगी की बातें बताने के पीछे मकसद यही होता है कि बच्चे उन्हें अपना समझें। एक बार लड़का या लड़की पूरी तरह भरोसा करने लगे, तो वे खतरे के संकेतों को नजरअंदाज करने लगते हैं।

शिकार चुनते समय भी आरोपी लगातार परख करते रहते हैं। किसे जाल में फंसाना आसान होगा और पकड़े जाने या शिकायत होने का खतरा कितना है, इसका हिसाब वे लगाते हैं। इसे 'जोखिम और फायदे का आकलन' कहा जाता है। एक और अध्ययन में पाया गया कि एक आरोपी ने इंटरनेट पर अलग-अलग फर्जी पहचान बनाकर करीब 1 हजार लड़के-लड़कियों तक पहुंचने की कोशिश की। शुरू में कई ने मना किया, फिर भी वह रुके बिना दूसरों के पास जाता रहा। उसे मालूम होता है कि ज्यादातर बच्चे मना करेंगे, पर कुछ कमजोर मन के बच्चे जाल में फंस ही जाएंगे।

यौन दबाव डालने के लिए आरोपी ऐसे सवाल पूछते हैं कि आगे बढ़ने की जिम्मेदारी बच्चे पर ही लगे। जैसे, "तुम कितना आगे जाना चाहती हो?" या "तुम्हें क्या करना अच्छा लगेगा?" ऐसे सवालों से बच्चों के लिए साफ मना करना मुश्किल हो जाता है। शोधकर्ताओं ने एक खास तरीके की पहचान की, जिसे 'मिटिगेटिंग LOL' कहा गया है। इसमें आरोपी किसी भी यौन या आपत्तिजनक बात के बाद 'LOL' (Laugh Out Loud) लिख देता है। उदाहरण के तौर पर, "तुने मुझे अपनी न्यूड व्हिडिओ भेजनी चाहिए, LOL." इससे वह अपनी बात को मजाक जैसा दिखाता है, ताकि जरूरत पड़ने पर आसानी से पीछे हट सके।

शोधकर्ता डेविड वॉलियम्स के मामले पर सीधे कुछ नहीं कहते, लेकिन उनका मानना है कि मशहूर लोगों के लिए किसी बच्चे या टीनेजर का भरोसा जीतना ज्यादा आसान होता है। बच्चे उन सेलिब्रिटी को पहले से जानते हैं। जब कोई मशहूर शख्स खुद संपर्क करता है, तो बच्चों को लगता है कि वे बेहद खास हैं। शोहरत की चमक और सुविधाओं से बच्चे प्रभावित होते हैं। ऐसे में यह समझना उनके लिए मुश्किल हो जाता है कि सामने वाला अपनी लोकप्रियता का गलत इस्तेमाल कर रहा है।

ग्रूमिंग के मामले सामने आने पर समाज में अक्सर पीड़ित बच्चों या उनके माता-पिता पर ही टिप्पणी की जाती है। पूछा जाता है, "तुमने उसे जवाब क्यों दिया?", "मिलने क्यों गई?" या "किसी को पहले क्यों नहीं बताया?" शोधकर्ता साफ कहते हैं कि यह नजरिया पूरी तरह गलत है। आरोपी की पूरी रणनीति ही बच्चों को बातचीत में उलझाए रखने और चुप रखने के लिए बनी होती है। जो व्यक्ति लगातार भरोसा जीतता है, बच्चे को खास होने का एहसास दिलाता है और उसे दुनिया से अलग कर देता है, उसके चंगुल से निकलना बच्चों के लिए आसान नहीं होता।

रिसर्च का मुख्य संदेश यही है कि ऐसे मामलों में पीड़ित बच्चों के बर्ताव या जवाब पर शक करने के बजाय आरोपियों की आपराधिक सोच और रणनीति पर सवाल उठाए जाने चाहिए। माता-पिता, शिक्षकों और समाज के लिए ग्रूमिंग के शुरुआती संकेत पहचानना बेहद जरूरी है, ताकि मासूम बच्चों को समय रहते इस जाल से बचाया जा सके।

#नागपुर#जुर्म#PT24#Crime#Nagpur

गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।

विज्ञापन