बीड: घर फोड़कर 53 तोला सोना चोरी, तालाब में फेंका DVR मिला, दो आरोपी गिरफ्तार
अंबाजोगाई में व्यापारी के बंद घर से सोना-चांदी और नकदी चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने पता लगाया, तीसरा आरोपी अब भी फरार है
बीड जिले के अंबाजोगाई शहर में एक व्यापारी के बंद घर में घुसकर बड़ी चोरी करने वाले गिरोह का स्थानीय क्राइम ब्रांच ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस के मुताबिक चोरों ने व्यापारी सारडा के घर से 53 तोला सोना, करीब पौने दो किलो चांदी और साढ़े पांच लाख रुपये नकद पर हाथ साफ किया था। यह वारदात 20 सितंबर को हुई थी।
पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से 27 तोला सोना और 858 ग्राम चांदी बरामद कर ली है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमर काकासाहेब थोरात और जगजितसिंग अचलसिंग दुधानी के तौर पर हुई है। मामले का तीसरा आरोपी मंगलसिंग बावरी अभी भी फरार बताया जा रहा है और पुलिस की टीमें उसकी तलाश में जुटी हैं। चोरी की करीब साढ़े पांच लाख रुपये की नकदी अब तक बरामद नहीं हो सकी है।
जांच में दिलचस्प बात यह सामने आई कि चोरी के बाद आरोपियों ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे का डीव्हीआर पास के तालाब में फेंक दिया था, ताकि कोई सबूत न बचे। लेकिन पुलिस ने तालाब में तलाशी अभियान चलाकर वह डीव्हीआर बरामद कर लिया, जो जांच की दिशा तय करने में अहम साबित हुआ। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने चोरी में इस्तेमाल किए गए दस्ताने, जैकेट और कपड़े भी उसी तालाब में फेंके थे, जिन्हें भी बरामद किया गया है।
पुलिस ने बताया कि जांच के दौरान स्थानीय क्राइम ब्रांच की टीम ने इलाके के 50 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें तीन संदिग्ध बाइक पर घूमते हुए नजर आए। तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने परली इलाके में जाल बिछाकर अमर थोरात और जगजितसिंग दुधानी को दबोचा। पूछताछ में सामने आया कि चोरी के बाद तीनों आरोपियों ने तालाब किनारे बैठकर आपस में जेवरों की बंटवारा किया था।
पुलिस के मुताबिक अमर थोरात रिक्शा चलाता है और उसी ने व्यापारी के घर की रेकी की थी, जिसके बाद साथियों के साथ मिलकर चोरी की साजिश रची गई थी। शुरुआती जांच में पुलिस ने बताया कि आरोपी ने घर की आर्थिक तंगी के चलते यह वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने यह भी बताया कि गिरफ्तार आरोपी जगजितसिंग दुधानी पर पहले से डकैती, चोरी और घर फोड़ने जैसे दस से ज्यादा गंभीर मामले दर्ज हैं और वह परभणी और लातूर जिलों में हुई कुछ चोरी की वारदातों में भी फरार चल रहा था। बीड के पुलिस अधीक्षक नवनीत कावत ने बताया कि इस गिरोह के खिलाफ मकोका, हद्दपारी सहित लागू कानूनों के तहत कार्रवाई की जाएगी। मामले की आगे जांच जारी है।