सोम‌वार, 16 नवंबर 2026

अभी सब्सक्राइब करें
प्राइम अलर्ट
सारे लाइव अपडेट

अमेरिका में हवाई ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम खराब, हजारों उड़ानें रद्द, एयरपोर्ट पर यात्री परेशान

हवाई अड्डे के चेक इन क्षेत्र में यात्री सामान लेकर कतार में खड़े हैं तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
दुनिया PT24 टीम

हवाई ट्रैफिक कंट्रोल की तकनीकी खराबी से अमेरिका में शुक्रवार को उड़ानें रोकनी पड़ीं। शनिवार को भी तीन हजार से ज्यादा उड़ानें रद्द रहीं और कई एयरपोर्ट पर यात्री फंसे रहे।

अमेरिका की हवाई सेवा इन दिनों बड़े संकट से गुजर रही है। देश भर में हवाई ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम में तकनीकी खराबी आने से हजारों उड़ानें रद्द हुईं या देर से चलीं। यह स्थिति शुक्रवार, 13 नवंबर को बनी थी। उड़ानें दोबारा शुरू हो चुकी हैं, लेकिन इसका असर शनिवार को भी बना रहा।

फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) ने शुक्रवार को देश भर में विमानों की उड़ान पर कुछ समय के लिए रोक लगा दी थी। हवाई ट्रैफिक कंट्रोल केंद्रों की दूरसंचार व्यवस्था में खराबी आ गई थी, जिससे रडार और संवाद व्यवस्था से मिलने वाली जानकारी में मेल नहीं बैठ रहा था।

विमानों की सुरक्षा को पहली प्राथमिकता देते हुए यह फैसला लिया गया। रोक करीब साढ़े चार घंटे बाद रात 8.15 बजे हटाई गई। उस वक्त हजारों विमान हवा में थे। उन्हें तय एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतारने की कार्रवाई की गई।

इस खराबी का असर अमेरिका के प्रमुख एयरपोर्ट पर दिखा। शुक्रवार को हजारों उड़ानें रद्द हुईं और कई विमान देर से चले। शनिवार को भी तीन हजार से ज्यादा उड़ानें रद्द होने की जानकारी दर्ज हुई। शिकागो, अटलांटा, डैलस, न्यूयॉर्क, डेनवर और लॉस एंजेलिस के एयरपोर्ट पर भारी अफरातफरी रही।

कई यात्री घंटों एयरपोर्ट पर फंसे रहे। कुछ को दूसरी उड़ानों के टिकट पाने के लिए भागदौड़ करनी पड़ी, जबकि कुछ ने अपना सफर ही रद्द कर दिया। एयरलाइन कंपनियों को बिगड़ा हुआ शेड्यूल पटरी पर लाने में काफी मशक्कत करनी पड़ रही है।

अमेरिकी प्रशासन ने बताया कि इस संकट के पीछे पुराना हवाई ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम और उसे आधुनिक बनाते समय पैदा हुआ तकनीकी दबाव है। नए उपकरण जोड़ने की प्रक्रिया के दौरान पुराने सिस्टम पर अतिरिक्त बोझ पड़ा, जिससे संवाद और रडार प्रणाली में दिक्कतें आईं।

अधिकारियों ने साफ किया है कि इस घटना के पीछे साइबर हमले का कोई ठोस संकेत नहीं है। हालांकि जांच जारी है।

उड़ानें शुरू हो गई हैं, फिर भी विमानों का नया शेड्यूल बनाने, पायलट और कर्मचारियों की उपलब्धता तय करने और टाइमटेबल को सामान्य करने में कुछ दिन लग सकते हैं। इसलिए यात्रियों से कहा गया है कि एयरपोर्ट के लिए निकलने से पहले संबंधित एयरलाइन से अपनी उड़ान की स्थिति जांच लें।

#नागपुर#दुनिया#PT24#World#Nagpur

गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।

विज्ञापन