अजनी में पड़ोसियों की गुंडागर्दी! पति को बचाने पहुंची पत्नी की छाती पर मारी लात
दिवाली के पटाखों को लेकर हुआ विवाद बना मारपीट की वजह, महिला की पसली में फ्रैक्चर; दो सगे भाई गिरफ्तार
नागपुर : दिवाली के पटाखों को लेकर शुरू हुआ विवाद अब हिंसक मारपीट में बदल गया। अजनी थाना क्षेत्र के विश्वकर्मा नगर में पड़ोसियों के बीच हुए विवाद में एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। आरोप है कि दो सगे भाइयों ने पहले महिला के पति के साथ मारपीट की। पति को बचाने पहुंची पत्नी को भी आरोपियों ने नहीं बख्शा। एक आरोपी ने उस पर हमला करने की कोशिश की, जबकि दूसरे ने उसकी छाती पर जोरदार लात मार दी। इससे महिला जमीन पर गिर पड़ी और उसकी पसली में फ्रैक्चर हो गया। मामले में अजनी पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 10 नवंबर की रात अजनी थाना क्षेत्र के विश्वकर्मा नगर, गली नंबर 6 में हुई। शिकायतकर्ता प्रीति भारत गौरकर और आरोपी एक-दूसरे के पड़ोसी हैं। दोनों परिवारों के बीच पहले से विवाद चल रहा था।
घटना वाली रात आरोपियों के बच्चे प्रीति गौरकर के घर के सामने पटाखे फोड़ रहे थे। इस पर प्रीति के पति ने बच्चों को घर के सामने पटाखे फोड़ने से मना किया और इसके बाद किसी काम से बाहर चले गए। इसी बात को लेकर आरोपी की पत्नी और प्रीति के बीच कहासुनी हो गई।
कुछ देर बाद जब प्रीति के पति घर लौटे, तो आरोप है कि दोनों सगे भाइयों ने उनके घर पहुंचकर उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। पति को पिटता देख प्रीति बीच-बचाव करने पहुंची और आरोपियों से मारपीट करने की वजह पूछी।
आरोप है कि इसी दौरान एक आरोपी ने प्रीति पर हमला करने की कोशिश की, जबकि दूसरे आरोपी ने उसकी छाती पर जोरदार लात मार दी। चोट लगने से वह जमीन पर गिर पड़ी। जांच में उसकी छाती की पसली में फ्रैक्चर होने की बात सामने आई। फिलहाल महिला का एक निजी अस्पताल में इलाज जारी है।
इस मामले में अजनी पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर दोनों सगे भाइयों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।