आठ साल बाद रश्मी देसाई की टीवी पर वापसी, नई सीरियल 'सायोनी' आज से शुरू
रश्मी देसाई, जान्हवी सोनी और गौतम सिंह विग की नई सीरियल 'सायोनी' 23 सितंबर से स्टार प्लस और जियोहॉटस्टार पर शाम 7:30 बजे दिखेगी।
टीवी एक्ट्रेस रश्मी देसाई पूरे आठ साल बाद छोटे पर्दे पर वापसी कर रही हैं। उनकी नई सीरियल 'सायोनी' आज, 23 सितंबर से दर्शकों के सामने आ रही है। इस सीरियल में रश्मी देसाई के साथ जान्हवी सोनी और गौतम सिंह विग भी लीड रोल में हैं। शो हर शाम 7:30 बजे स्टार प्लस और जियोहॉटस्टार पर देखा जा सकेगा।
कहानी सानवी नाम की एक लड़की के इर्द-गिर्द घूमती है, जो मां का प्यार पाने के लिए तरसती रहती है। उसकी जिंदगी में आदित्य की एंट्री होती है, लेकिन आदित्य उसके लिए फैसले लेने वाला या उसकी हर लड़ाई खुद लड़ने वाला साथी नहीं है। इसके उलट, वो सानवी को अपनी भावनाएं जाहिर करने और खुद अपने फैसले लेने की हिम्मत देता है। सानवी का किरदार जान्हवी सोनी निभा रही हैं, जबकि गौतम सिंह विग आदित्य के रोल में नजर आएंगे। दोनों की प्रेम कहानी सीरियल में किस तरह आगे बढ़ती है, ये देखना दिलचस्प रहेगा।
वहीं रश्मी देसाई 'सायोनी' में माया नाम का किरदार निभा रही हैं। माया एक मजबूत और व्यावहारिक औरत है, जो अपनी भावनाओं को दिल में ही छिपाकर रखती है। सालों बाद रश्मी को फिर से टीवी पर देखने के लिए उनके फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। सरगुन मेहता और रवि दुबे की ड्रीमियाता एंटरटेनमेंट ने इस सीरियल को बनाया है, जो भरोसे, बराबरी और हर हाल में एक-दूसरे का साथ निभाने वाले प्यार की कहानी दिखाएगी।
अपने किरदार के बारे में बात करते हुए रश्मी देसाई ने बताया कि माया सिर्फ एक किरदार नहीं है, बल्कि जिंदगी की सच्चाई को समझने वाली एक व्यावहारिक औरत है। पिछले कुछ समय में उनके पास कई रोल के ऑफर आए थे, लेकिन उन कहानियों या किरदारों से उनका दिल नहीं जुड़ा, इसलिए उन्होंने वो रोल नहीं किए। रश्मी के मुताबिक उन्हें सिर्फ टीवी पर वापसी नहीं करनी थी, बल्कि चाहती थीं कि उनके काम के पीछे कोई मतलब हो। सही मौके का इंतजार करने के बाद उन्होंने 'सायोनी' में माया का रोल स्वीकार किया। रश्मी ने प्रोड्यूसर सरगुन मेहता और रवि दुबे के साथ-साथ डायरेक्टर उत्तम भेलावत के काम की भी तारीफ की और कहा कि सही मौके का इंतजार करने और अपनी भावनाओं के प्रति ईमानदार रहने की खुशी है।
सानवी का किरदार निभा रहीं जान्हवी सोनी ने कहा कि सानवी बहुत प्यार करने वाली और सबका ख्याल रखने वाली लड़की है, लेकिन उसकी अच्छाई को उसकी कमजोरी नहीं समझना चाहिए। जो उसे सही लगता है, उसके लिए डटकर खड़े होने की हिम्मत उसमें है। जान्हवी ने रश्मी देसाई के साथ काम करने का अपना अनुभव भी शेयर किया और कहा कि रश्मी बहुत प्यार करने वाली हैं और को-एक्टर के तौर पर हमेशा मदद करती हैं, इसलिए उनके साथ काम करना उनके लिए खास अनुभव रहा। अब सानवी, आदित्य और माया की जिंदगी में कौन से मोड़ आते हैं और उनके रिश्तों की कहानी किस दिशा में जाती है, ये आज से दर्शक देख सकेंगे।