आसनगाव और कसारा के बीच 7 से 18 अक्टूबर तक ब्लॉक, लोकल सेवाएं नहीं चलेंगी
मध्य रेलवे तीसरी लाइन और कसारा के 'अप' यार्ड लाइन के विस्तार का काम करेगी, कई लोकल और मेल-एक्सप्रेस गाड़ियों के समय बदले।
अगर आप रोज कसारा लाइन पर सफर करते हैं, तो यह खबर आपके काम की है। मध्य रेलवे 7 से 18 अक्टूबर के बीच आसनगाव और कसारा के दरम्यान एक खास ब्लॉक लेने जा रही है। इस दौरान दोनों स्टेशनों के बीच लोकल सेवाएं उपलब्ध नहीं रहेंगी।
ब्लॉक की वजह यह है कि आसनगाव-कसारा के बीच तीसरी लाइन का काम शुरू किया जाना है। साथ ही कसारा के 'अप' यार्ड लाइन के विस्तार का काम भी शुरू होगा। इस दौरान प्री-नॉन-इंटरलॉकिंग, नॉन-इंटरलॉकिंग और पोस्ट-नॉन-इंटरलॉकिंग जैसे कई काम किए जाएंगे।
जानकारी के मुताबिक इसका असर रेल ट्रैफिक पर बड़ा पड़ेगा। रोज रेलवे से सफर करने वाले हजारों यात्रियों को इन दिनों भागदौड़ करनी पड़ सकती है। कुछ गाड़ियों के समय में बदलाव किया जाएगा, तो कुछ गाड़ियां रद्द भी की जाएंगी।
7 अक्टूबर को ब्लॉक शुरू होने से पहले सीएसटी से कसारा की तरफ जाने वाली आखिरी लोकल दोपहर 12.30 बजे छूटेगी। उसी दिन कसारा से सीएसटी आने वाली ब्लॉक से पहले की आखिरी लोकल दोपहर 2.42 बजे रवाना होगी। ब्लॉक खत्म होने के बाद सीएसटी से कसारा के लिए पहली लोकल शाम 6.28 बजे चलेगी, जबकि कसारा से सीएसटी के लिए पहली लोकल रात 8.35 बजे छूटेगी। 8 और 9 अक्टूबर को भी लोकल के टाइमटेबल में बदलाव किए गए हैं। ब्लॉक से पहले और बाद के फेरों के समय भी बदलेंगे।
इस ब्लॉक का असर नाशिक के रास्ते मुंबई आने वाली और मुंबई से कसारा की तरफ जाने वाली कई मेल गाड़ियों पर भी पड़ेगा। कुछ गाड़ियों को इगतपुरी से रेगूलेट किया जाएगा, यानी बीच में रोका जाएगा। कुछ गाड़ियां खर्डी और आटगाव में खड़ी की जाएंगी।
लंबी दूरी की गाड़ियों में एलटीटी-बनारस, एलटीटी-पाटलिपुत्र, सीएसटी-अमृतसर, सीएसटी-बनारस महानगरी और एलटीटी-कुशीनगर एक्सप्रेस के समय में बदलाव किया गया है। वहीं गोरखपुर-एलटीटी, पुष्पक एक्सप्रेस, अयोध्या कैंट-एलटीटी, बलिया-दादर और ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस ब्लॉक के दौरान इगतपुरी से रेगूलेट की जाएंगी। भुसावल डिवीजन से आने वाली कुछ गाड़ियां भी रेगूलेट होंगी। ब्लॉक के दौरान गाड़ियां लेट होने की आशंका जताई जा रही है, इसलिए रोज के यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ सकती है।
मध्य रेलवे का कहना है कि आसनगाव और कसारा के बीच का यह काम कल्याण की तीसरी और चौथी लाइन के प्रोजेक्ट का हिस्सा है। लाइन का काम पूरा होने के बाद मेल-एक्सप्रेस और उपनगरीय गाड़ियों का ट्रैफिक अलग-अलग करने में बड़ी मदद मिलेगी। इससे रेल रूट की क्षमता बढ़ेगी और अतिरिक्त गाड़ियों का चलना भी ज्यादा आसान होगा।