रविवार, 15 नवंबर 2026

अभी सब्सक्राइब करें
प्राइम अलर्ट
सारे लाइव अपडेट

आईपीएल 2028 से 12 टीमें हो सकती हैं, पुणे और वडोदरा नए संघों की दौड़ में आगे

दिन की रोशनी में क्रिकेट मैदान पर कर्मचारी पिच तैयार कर रहे हैं और घास सींच रहे हैं तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
खेल PT24 टीम

रिपोर्टों के मुताबिक बीसीसीआई 2028 सीज़न से आईपीएल में दो नई फ्रेंचाइज़ी जोड़ने पर गंभीरता से विचार कर रहा है। पुणे और वडोदरा के नाम सबसे आगे हैं, पर बातचीत अभी शुरुआती दौर में है।

इंडियन प्रीमियर लीग यानी आईपीएल के चाहने वालों के लिए बड़ी खबर सामने आ रही है। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक 2028 के सीज़न से लीग में दो और नई फ्रेंचाइज़ी शामिल की जा सकती हैं। भारतीय क्रिकेट नियामक मंडल यानी बीसीसीआई दुनिया की इस सबसे लोकप्रिय टी-20 लीग को बढ़ाने पर गंभीरता से सोच रहा है। अगर यह फैसला फाइनल हो गया, तो आईपीएल की टीमों की गिनती 10 से सीधे 12 हो जाएगी।

इस दौड़ में महाराष्ट्र का पुणे और गुजरात का वडोदरा फिलहाल आगे माने जा रहे हैं। हालांकि इस बारे में बातचीत अभी शुरुआती दौर में है और अंतिम शहरों के नाम बदल भी सकते हैं।

रिपोर्ट के मुताबिक एक नई फ्रेंचाइज़ी की कीमत 1 बिलियन डॉलर, यानी करीब 8,900 करोड़ रुपये से ज़्यादा रहने की संभावना है। हाल ही में आरसीबी की बिक्री 1.78 बिलियन डॉलर की वैल्यूएशन पर हुई है, जबकि राजस्थान रॉयल्स की बिक्री करीब 1.65 बिलियन डॉलर की वैल्यूएशन पर हुई। इसी वजह से प्राइवेट इक्विटी फर्में, पश्चिम एशिया के सॉवरेन वेल्थ फंड, अमेरिकी फैमिली ऑफिस और भारतीय कारोबारी समूह नई टीमों में निवेश के लिए बड़ी दिलचस्पी दिखा रहे हैं। रिपोर्ट में प्राइवेट इक्विटी फर्म पर्मिरा (Permira) का नाम भी खास तौर पर सामने आया है।

दो नई टीमें जोड़ने की यह पूरी योजना आईपीएल के अगले मीडिया राइट्स चक्र (2028 से 2032) से जुड़ी है। मौजूदा 2023 से 2027 के मीडिया राइट्स करीब 6.2 बिलियन डॉलर में बिके थे। टीमें बढ़ाने से पहले बीसीसीआई को खिलाड़ियों की उपलब्धता, अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट कैलेंडर और ब्रॉडकास्टरों की दिलचस्पी जैसी अहम बातों पर गौर करना होगा। नई टीमें जुड़ने से मैचों की संख्या बढ़ेगी, और उससे ब्रॉडकास्ट का खर्च भी बढ़ सकता है।

इससे पहले 2022 के सीज़न में आईपीएल में दो नई फ्रेंचाइज़ी जोड़ी गई थीं। तब लखनऊ सुपर जायंट्स को आरपीएसजी ग्रुप ने 940 मिलियन डॉलर में खरीदा था, जबकि गुजरात टाइटन्स की मालिकाना हक सीवीसी कैपिटल पार्टनर्स को 750 मिलियन डॉलर में मिला था।

पुणे का आईपीएल से रिश्ता पुराना है। शहर दो फ्रेंचाइज़ी के ज़रिए लीग में अपनी नुमाइंदगी कर चुका है। पुणे वॉरियर्स इंडिया ने 2011 से 2013 तक लीग में हिस्सा लिया था। उसके बाद 2016 और 2017 में राइज़िंग पुणे सुपरजायंट की टीम आईपीएल खेली। इस टीम ने 2017 के सीज़न में सीधे फाइनल तक का सफर तय किया, जहां उसे मुंबई इंडियंस से सिर्फ 1 रन से हार झेलनी पड़ी थी।

आईपीएल की टीमों की गिनती अब तक कई बार बदली है। 2008 में लीग 8 टीमों के साथ शुरू हुई थी: चेन्नई सुपर किंग्स, कोलकाता नाइट राइडर्स, राजस्थान रॉयल्स, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, मुंबई इंडियंस, डेक्कन चार्जर्स, दिल्ली डेयरडेविल्स और किंग्स इलेवन पंजाब। 2011 में पुणे वॉरियर्स इंडिया और कोच्चि टस्कर्स केरल के आने से टीमें 10 हो गईं। 2012 में करार की शर्तें पूरी न करने के कारण कोच्चि टस्कर्स केरल बाहर हो गई और टीमें 9 रह गईं। 2013 में डेक्कन चार्जर्स की जगह सनराइज़र्स हैदराबाद आई और गिनती 9 ही रही। 2014 में पुणे वॉरियर्स इंडिया ने लीग से अपना नाम वापस ले लिया और टीमें 8 रह गईं।

2016 और 2017 में सट्टेबाज़ी प्रकरण के कारण चेन्नई और राजस्थान को 2 साल के लिए निलंबित कर दिया गया। उनकी जगह गुजरात लायन्स और राइज़िंग पुणे सुपरजायंट नाम की दो अस्थायी टीमें आईं, और गिनती 8 रही। 2018 में चेन्नई और राजस्थान की वापसी हुई, जबकि गुजरात लायन्स और राइज़िंग पुणे सुपरजायंट बाहर हो गईं। 2022 में गुजरात टाइटन्स और लखनऊ सुपर जायंट्स की एंट्री से टीमों की संख्या 10 हो गई।

#नागपुर#खेल#PT24#Sports#Nagpur

गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।

विज्ञापन