8 साल से बिछड़ी महिला को नागपुर पुलिस ने परिवार से मिलाया, 'मिशन उम्मीद' से लौटी खुशियां
दिवाली के दौरान सदर इलाके में रोती हुई मिली थी बालाघाट की रागिनी; महिला हेड कांस्टेबल अनिता वरकड़े की सूझबूझ और तकनीकी जांच से मिली पहचान
नागपुर। नागपुर पुलिस ने मानवीय संवेदनशीलता और सूझबूझ का परिचय देते हुए आठ साल से बिछड़ी एक महिला को उसके परिवार से मिलाने में सफलता हासिल की है। मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले की रहने वाली रागिनी रामसिंह चौधरी वर्ष 2018 में लापता हो गई थी। लंबे समय से उसकी तलाश कर रहे परिवार को आखिरकार नागपुर पुलिस की पहल से अपनी बेटी वापस मिल गई।
दरअसल, दिवाली के दौरान नागपुर के सदर स्थित प्रियदर्शनी सरकारी महिला वसतिगृह में पुलिस की ओर से महिलाओं से सदिच्छा मुलाकात की जा रही थी। इसी दौरान सीताबर्डी पुलिस स्टेशन में तैनात महिला हेड कांस्टेबल अनिता वरकड़े की नजर पास में बैठी एक परेशान महिला पर पड़ी, जो लगातार रो रही थी। महिला की मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण वह अपना नाम, पता और परिवार के बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं दे पा रही थी।
अधूरी जानकारी से आठ साल पुराने रिकॉर्ड तक पहुंची पुलिस
अनिता वरकड़े ने महिला से बातचीत कर उसे विश्वास में लेने और उसकी पहचान जानने का प्रयास किया। लगातार बातचीत और काउंसलिंग के बाद महिला ने कुछ अधूरी जानकारियां दीं। इन्हीं सुरागों के आधार पर तकनीकी जांच शुरू की गई। महिला वसतिगृह की अधीक्षिका से भी जानकारी जुटाई गई।
जांच के दौरान पुलिस मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले तक पहुंची। वारासिवनी पुलिस थाने के पुराने रिकॉर्ड खंगालने पर महिला की पहचान रागिनी रामसिंह चौधरी के रूप में हुई। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, रागिनी 7 जुलाई 2018 को लापता हुई थी और 8 अगस्त 2018 को उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी।
आठ साल बाद परिवार से हुआ मिलन
पहचान की पुष्टि होने के बाद नागपुर पुलिस ने बालाघाट में रहने वाले रागिनी के परिजनों से संपर्क किया। इसके बाद आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर उसे परिवार के सुपुर्द कर दिया गया। आठ साल से अपनों से बिछड़ी रागिनी के परिवार के लिए यह भावुक पल रहा।
इस पूरी कार्रवाई में सीताबर्डी पुलिस की महिला हेड कांस्टेबल अनिता वरकड़े की सूझबूझ, लगातार प्रयास और संवेदनशीलता की अहम भूमिका रही। 'मिशन उम्मीद' के जरिए नागपुर पुलिस ने एक बार फिर खाकी का मानवीय चेहरा सामने रखा है।
गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।