3.74 करोड़ के डकैतों पर पुलिस का डिजिटल शिकंजा!
सीसीटीवी और सर्विलांस से तलाश तेज, पुलिस का हाईटेक सर्च ऑपरेशन
नागपुर में हवाला कारोबारी के 3.74 करोड़ रुपये की सनसनीखेज डकैती को अंजाम देने वाले अपराधियों की तलाश में पुलिस ने हाईटेक घेराबंदी शुरू कर दी है. शहर के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, वहीं मोबाइल सर्विलांस के जरिए संदिग्धों की लोकेशन और गतिविधियों का सुराग जुटाया जा रहा है. मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के शहर में करोड़ों की इस डकैती ने पुलिस महकमे को हिलाकर रख दिया है. अपराधियों को दबोचने के लिए क्राइम ब्रांच से लेकर शहर के सभी थानों की टीमों को मैदान में उतार दिया गया है.
17 नवंबर की रात 1.30 बजे हुई इस वारदात के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है. डकैतों ने हवाला ऑपरेटर सुरेश परमार की कार को निशाना बनाकर 3.74 करोड़ रुपये लूट लिए. वारदात के दौरान परमार के गार्ड और ड्राइवर पर भी हमला किया गया, जिसमें दोनों जख्मी हो गए। जख्मी ड्राइवर जालना का निवासी है और वह परमार तथा उसके साथियों के साथ नकदी लेकर जालना जा रहा था.
घर से कार निकलते ही घात लगाकर हमला!
इस वारदात का सबसे चौंकाने वाला पहलू यह है कि अपराधियों को नकदी की आवाजाही की सटीक जानकारी थी. सुरेश परमार के घर से कार बाहर निकलते ही डकैतों ने धावा बोल दिया. इससे पुलिस के सामने कई सवाल खड़े हो गए हैं. क्या अपराधियों ने पहले से रेकी की थी? क्या उन्हें नकदी ले जाने की सूचना किसी अंदरूनी व्यक्ति ने दी थी? या फिर हवाला कारोबार से जुड़े किसी नेटवर्क ने इस वारदात की पटकथा तैयार की थी? पुलिस इन तमाम पहलुओं पर जांच कर रही है.
सीसीटीवी फुटेज से भागने का रास्ता तलाश रही पुलिस
अपराधियों तक पहुंचने के लिए पुलिस आसपास के इलाकों से लेकर संभावित भागने वाले रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है. संदिग्ध वाहनों की आवाजाही और वारदात के समय सक्रिय मोबाइल नंबरों की पड़ताल भी की जा रही है. मोबाइल सर्विलांस के जरिए अपराधियों के नेटवर्क तक पहुंचने की कोशिश हो रही है. पुलिस को उम्मीद है कि सीसीटीवी और तकनीकी जांच के मेल से डकैतों की पहचान का रास्ता साफ हो सकता है.
डीसीपी ने शांतिनगर थाने में संभाला मोर्चा
जोन-3 के डीसीपी राहुल मदने वारदात के बाद से ही शांतिनगर थाने में बैठकर जांच की निगरानी कर रहे हैं. क्राइम ब्रांच और शहर के सभी पुलिस थानों को इस मामले में लगाया गया है. राज्यभर की पुलिस को भी अलर्ट किया गया है, ताकि आरोपी नागपुर से बाहर निकलकर दूसरे शहरों में छिपने में कामयाब न हो सकें.
गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।