KEM अस्पताल में उमेश चौहान की सर्जरी, शरीर से निकाली गई गोली, हालत स्थिर
टाइगर श्रॉफ फायरिंग मामले में घायल उमेश चौहान के शरीर से बुधवार सुबह सर्जरी कर गोली निकाल दी गई। अस्पताल के मुताबिक उनकी हालत स्थिर है।
टाइगर श्रॉफ फायरिंग मामले में गोली लगने से घायल हुए उमेश चौहान का मुंबई के KEM अस्पताल में इलाज चल रहा है। अस्पताल प्रशासन ने 21 अक्टूबर 2026 को मेडिकल अपडेट जारी किया। उसके मुताबिक बुधवार सुबह 8 बजे सर्जरी करके उनके शरीर से गोली निकाल दी गई। अभी वे अस्पताल में डॉक्टरों की देखरेख में हैं।
यह सर्जरी कार्डियोवैस्कुलर एंड थोरेसिक सर्जरी (CVTS) ऑपरेशन थिएटर में हुई। गोली निकालने के लिए उमेश को जनरल एनेस्थीसिया दिया गया। ऑपरेशन CVTS विभाग के प्रमुख डॉ. उदय एकनाथ जाधव और सर्जरी विभाग के यूनिट प्रमुख डॉ. राम प्रजापति ने किया। सर्जरी पूरी होने के बाद उमेश चौहान को पोस्ट-ऑपरेटिव निगरानी और मॉनिटरिंग के लिए ESR इंटेंसिव केयर यूनिट में शिफ्ट कर दिया गया।
अस्पताल का कहना है कि उमेश चौहान ने सर्जरी को अच्छी तरह सहन किया। उनके सभी महत्वपूर्ण स्वास्थ्य संकेत फिलहाल स्थिर हैं और डॉक्टर लगातार उन पर नजर रखे हुए हैं। बताया जा रहा है कि गोली शरीर के एक संवेदनशील हिस्से में फंसी हुई थी। इसी वजह से डॉक्टर जल्दबाजी में कोई कदम नहीं उठाना चाहते थे। विशेषज्ञों से सलाह लेने और पूरी मेडिकल जांच के बाद ही सर्जरी का फैसला किया गया।
गोलीबारी की घटना रविवार शाम मुंबई के जुहू इलाके में हुई थी। उस वक्त टाइगर श्रॉफ एक फुटबॉल ग्राउंड पर पहुंचे थे। वहां उमेश चौहान भी मौजूद थे। वे अभिनेता से मिलना चाहते थे और उनका एक वीडियो बनाना चाहते थे। इसी बीच टाइगर की कार के पास खड़े उमेश को एक गोली लग गई।
बाइक पर सवार तीन लोगों ने टाइगर पर सात राउंड गोलियां चलाई थीं। बाद में आरोपियों को कोटा से गिरफ्तार कर लिया गया।
इस गोलीबारी में टाइगर श्रॉफ सुरक्षित रहे, लेकिन उनकी कार के ड्राइवर और व्लॉगर उमेश चौहान घायल हो गए। उमेश के शरीर में एक गोली फंस गई थी, जिसे बुधवार को सर्जरी के जरिए कामयाबी से निकाल दिया गया। फिलहाल वे अस्पताल में डॉक्टरों की देखरेख में हैं।
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।