वानखेड़े के ड्रोन शो का ड्रोन चर्चगेट स्टेशन पर गिरा, प्लेटफॉर्म पर खड़े यात्री का सिर फूटा
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
28 अक्टूबर की रात चर्चगेट रेलवे स्टेशन के प्लैटफॉर्म नंबर 3 पर वानखेड़े स्टेडियम के ड्रोन शो का एक ड्रोन गिरा। हादसे में 37 साल के हेमंत प्रकाश महोत्सवकर घायल हो गए।
मुंबई के चर्चगेट रेलवे स्टेशन पर 28 अक्टूबर, बुधवार की रात एक अजीब हादसा हुआ। वानखेड़े स्टेडियम में चल रहे ड्रोन शो के दो ड्रोन काबू से बाहर होकर स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 3 पर आ गिरे। इनमें से एक ड्रोन वहां खड़े एक यात्री के सिर पर लगा और वे घायल हो गए।
यह प्लेटफॉर्म विरार की तरफ जाने वाली गाड़ियों का है। रात करीब 8.10 बजे यात्री यहां ट्रेन का इंतजार कर रहे थे। तभी अचानक ऊपर से ड्रोन आकर गिरा। घायल यात्री की पहचान हेमंत प्रकाश महोत्सवकर के रूप में हुई है, जिनकी उम्र 37 साल है। चश्मदीदों के मुताबिक ड्रोन सीधे उनके सिर से टकराया और खून की धार बहने लगी। खून से सने यात्री को देखकर स्टेशन पर मौजूद लोग घबरा गए। शुरू में किसी को समझ ही नहीं आया कि हुआ क्या है। पुलिस के पहुंचने पर ही पूरी बात साफ हुई।
स्टेडियम में उस रात एक टेलिकॉम कंपनी का कार्यक्रम था। ANI के एक पोस्ट के हवाले से बताया गया है कि यह ड्रोन शो Jio Platforms के IPO का जश्न मनाने के लिए रखा गया था और इसका आयोजन BotLab Dynamics ने किया था। आसमान में ड्रोन की तालमेल वाली बनावटों से जियो का सफर, रिलायंस ग्रुप की सोच और भारत का डिजिटल भविष्य दिखाया जा रहा था।
हादसे की खबर मिलते ही ASI शंकरलाल मीणा, हेड कॉन्स्टेबल गौरव परमार और महाराष्ट्र सुरक्षा दल के आकाश गायकवाड़ मौके पर पहुंचे। रेलवे सुरक्षा कर्मचारियों ने भी तुरंत मदद की। 108 नंबर की एम्बुलेंस के डॉक्टर ने सबसे पहले घायल का प्राथमिक इलाज किया।
रेलवे पुलिस के मुताबिक इलाज के बाद महोत्सवकर ने घर जाने की इच्छा जताई और इसका बयान लिखकर भी दिया। मगर करीब 15 मिनट बाद उन्होंने कहा कि उन्हें और इलाज चाहिए। इसके बाद उन्हें एम्बुलेंस से जीटी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
चर्चगेट जीआरपी ने गिरे हुए दोनों ड्रोन अपने कब्जे में ले लिए हैं। अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। शुरुआती जांच में पता चला है कि दोनों ड्रोन इसी शो का हिस्सा थे। माना जा रहा है कि कंट्रोल छूटने या किसी तकनीकी खराबी की वजह से वे स्टेशन तक पहुंच गए होंगे। स्टेडियम से ड्रोन सीधे रेलवे स्टेशन तक कैसे पहुंचे, इसकी असली वजह अभी पता नहीं चली है और पुलिस जांच कर रही है। पुलिस यह भी देखेगी कि इसमें किसी की लापरवाही थी या सुरक्षा के नियमों की अनदेखी हुई।
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।