बुधवार, 18 नवंबर 2026

अभी सब्सक्राइब करें
प्राइम अलर्ट
सारे लाइव अपडेट

टीकमगढ़ में कार्तिक स्नान जा रही महिला की ट्रक की टक्कर से मौत, परिजनों ने तीन घंटे जाम रखा

सड़क किनारे ढके ट्रक के पास दो पुलिसकर्मी खड़े हैं, पीछे लंबी गाड़ियों की कतार है तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
जुर्म PT24 अपराध डेस्क

टीकमगढ़ में सड़क पार कर रही 32 साल की मेवा लोधी को तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मारी और उनकी मौत हो गई। परिजनों ने एक करोड़ रुपये की सहायता मांगी। आश्वासन के बाद जाम खत्म हुआ।

टीकमगढ़ में सोमवार को कार्तिक स्नान के लिए जा रही 32 साल की मेवा लोधी की ट्रक की टक्कर से मौत हो गई। हादसे के बाद नाराज परिजनों ने टीकमगढ़-बुड़ेरा मार्ग पर जाम लगा दिया। वे आरोपी की गिरफ्तारी और एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता की मांग कर रहे थे। करीब तीन घंटे तक यातायात प्रभावित रहा।

मेवा लोधी मुड़ीखेरा की रहने वाली थीं। जानकारी के मुताबिक वे दूसरी महिलाओं के साथ कार्तिक स्नान के लिए निकली थीं। सड़क पार करते समय एक तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

परिजनों का आरोप है कि जब उन्होंने हादसे का विरोध किया तो ट्रक ड्राइवर और उसके साथियों ने उनके साथ मारपीट की। लोगों ने पुलिस पर भी आरोपियों का बचाव करने का आरोप लगाया। इस बीच ट्रक चालक गाड़ी लेकर मौके से भाग गया।

हादसे के बाद परिजनों ने शव रखकर टीकमगढ़-बुड़ेरा मार्ग पर जाम लगाया। सड़क के दोनों तरफ गाड़ियों की कतारें लग गईं। परिजन आर्थिक सहायता और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे।

सूचना मिलने पर एसडीओपी सौरभ रत्नाकर और बुड़ेरा थाना प्रभारी जयेंद्र गोयल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने लोगों को समझाने की कोशिश की।

एसडीओपी सौरभ रत्नाकर ने बताया कि परिजन एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता का चेक तुरंत देने की मांग कर रहे थे। मौके पर मौजूद तहसीलदार सत्य प्रकाश शुक्ला ने कहा कि शासन के नियमों के मुताबिक परिजनों को आर्थिक सहायता दी जाएगी। एसडीओपी और तहसीलदार के आश्वासन के बाद परिजनों ने जाम खत्म कर दिया।

महिला का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। एसडीओपी ने बताया कि ट्रक जब्त कर लिया गया है और चालक को हिरासत में ले लिया गया है।

#इंदौर#जुर्म#PT24#Crime#Indore

गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।

विज्ञापन