आलीराजपुर के भीलखेड़ी में मंदिर तोड़ने की बात का आरोप, फत्तू डुडवे पर FIR दर्ज
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
जोबट तहसील के भीलखेड़ी गांव में शिव मंदिर तोड़ने की बात कहने और देवी-देवताओं पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के आरोप में पुलिस ने फत्तू डुडवे के खिलाफ केस दर्ज किया है।
आलीराजपुर जिले की जोबट तहसील के भीलखेड़ी गांव में एक व्यक्ति पर शिव मंदिर तोड़ने की बात कहने और हिंदू देवी-देवताओं के बारे में आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोप लगा है। गांव वालों की शिकायत पर पुलिस ने फत्तू डुडवे के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 299 के तहत केस दर्ज किया है।
पुलिस को दी गई जानकारी के मुताबिक घटना 7 नवंबर की है, जबकि शिकायत 16 नवंबर को दर्ज कराई गई।
शिकायतकर्ता भेरुसिंह डुडवे ने पुलिस को बताया कि 7 नवंबर को सुबह करीब 7:30 बजे वे, बसु, महेश और फत्तू डुडवे गांव के डुडवा फलिया में बसु के घर के सामने खड़े थे। बातचीत के दौरान फत्तू ने शिव मंदिर बनाए जाने पर सवाल उठाया और उसे तोड़ने की बात कही। भेरुसिंह का आरोप है कि इसी दौरान फत्तू ने हिंदू देवी-देवताओं के बारे में आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया। उनके मुताबिक इससे उनकी और वहां मौजूद दूसरे लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हुईं।
भेरुसिंह ने बताया कि घटना के बाद उन्होंने गांव के लोगों को इसकी जानकारी दी। मामले को सुलझाने के लिए पंचायत बुलाई गई, लेकिन फत्तू पंचायत में शामिल नहीं हुआ। इसके बाद गांव वालों ने पुलिस में शिकायत करने का फैसला किया।
16 नवंबर को भेरुसिंह, सरपंच मदन शेरसिंह, बिदेसिंह गाडरिया और संजय डुडवे जोबट थाने पहुंचे और मौखिक शिकायत की। पुलिस ने FIR क्रमांक 488/2026 दर्ज कर फत्तू डुडवे के खिलाफ BNS की धारा 299 के तहत मामला दर्ज किया। मामले की जांच उपनिरीक्षक धनराज सेमिया कर रहे हैं।
गांव वालों ने कार्रवाई की मांग की है। साथ ही उन्होंने गांव में आपसी भाईचारा और शांति बनाए रखने की बात भी कही है।
गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।