टीकमगढ़ के अहार में मंदिर की बाउंड्रीवॉल पर विवाद, महिला किसान ने कलेक्टर से की शिकायत
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
अहार गांव की एक महिला किसान ने जैन मंदिर समिति पर मारपीट और पुलिस पर एफआईआर न करने का आरोप लगाया है। उसने तहसीलदार पर पक्षपात का आरोप भी लगाया और निष्पक्ष जांच मांगी है।
टीकमगढ़ जिले के अहार गांव में जैन मंदिर की बाउंड्रीवॉल बनाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। मंगलवार को एक महिला किसान कलेक्ट्रेट पहुंची। उसने मंदिर समिति के लोगों पर गाली-गलौज और मारपीट का आरोप लगाया।
महिला का यह भी कहना है कि शिकायत के बावजूद बल्देवगढ़ पुलिस ने एफआईआर दर्ज नहीं की। उसने तहसीलदार प्राची जैन पर पक्षपात करने का आरोप भी लगाया है।
कलेक्टर के नाम दिए ज्ञापन में महिला ने बताया कि ग्राम अहार, तहसील बल्देवगढ़ में खसरा नंबर 478/1 की जमीन उसकी है। यह जमीन अहार जैन मंदिर ट्रस्ट की जमीन से लगी हुई है। महिला के मुताबिक, इस जमीन से जुड़े मामले में अनुविभागीय अधिकारी के न्यायालय ने प्रकरण क्रमांक 160/अपील/2023-2024 में उसके पक्ष में आदेश दिया था।
महिला का आरोप है कि तहसीलदार प्राची जैन ने तथ्य छिपाकर प्रशासनिक नियमों का उल्लंघन किया। उसके मुताबिक, तहसीलदार के ससुर और मंदिर प्रबंधक वीरेंद्र जैन उसकी जमीन पर जबरन निर्माण करा रहे हैं।
महिला ने बताया कि 13 नवंबर को शाम करीब 5 बजे वीरेंद्र जैन और अहार निवासी संतोष जैन उसकी जमीन पर बाउंड्रीवॉल बनाने के लिए गड्ढे खोद रहे थे। उसने मना किया तो वीरेंद्र जैन समेत कुछ और लोग वहां पहुंच गए। महिला का आरोप है कि उन्होंने गाली-गलौज की और उसे धक्का देकर गड्ढे में गिरा दिया।
महिला के अनुसार, इस घटना में उसके सिर और कमर में चोट आई। धक्का-मुक्की के दौरान वीरेंद्र जैन के सिर पर भी चोट लगी। महिला ने बताया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया। उसका कहना है कि पुलिस ने सिर्फ एनसीआर दर्ज की और आगे कोई कार्रवाई नहीं की।
इससे पहले सोमवार को जैन मंदिर समिति के लोगों ने एसपी कार्यालय में शिकायत दी थी। उन्होंने माया राजपूत और उसके बेटे पर मंदिर प्रबंधक के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया था।
महिला ने अपने ज्ञापन में कहा है कि तहसीलदार ने पद का दुरुपयोग करते हुए उसके और उसके बेटे अवधेश राजपूत के खिलाफ झूठा मामला दर्ज कराया है। उसका कहना है कि घटना के समय बेटा मौके पर मौजूद नहीं था। महिला ने कलेक्टर से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।
गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।