सिवनी में पुलिस को देखकर भागा 19 साल का युवक पकड़ा गया, देशी पिस्टल और खाली मैगजीन बरामद
सिवनी की कोतवाली पुलिस ने 19 साल के मदन उर्फ बादल यादव को देशी पिस्टल और खाली मैगजीन के साथ पकड़ा है। पुलिस अब उसके पिता अजय उर्फ अज्जू कोष्टा की तलाश कर रही है।
सिवनी में कोतवाली पुलिस ने 19 साल के एक युवक को पकड़ा है, जो पुलिस को देखकर पिस्टल लेकर भागने लगा था। तलाशी में उसके पास से देशी पिस्टल और खाली मैगजीन बरामद हुई।
कोतवाली थाना प्रभारी संतीश तिवारी ने बताया कि बुधवार दोपहर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी। सूचना के मुताबिक रानी दुर्गावती वार्ड में अशोक किराना दुकान के पास एक युवक अवैध देशी पिस्टल लेकर घूम रहा था।
सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और बताए गए हुलिए के आधार पर युवक को ढूंढना शुरू किया। पुलिस को देखते ही वह भागने लगा। पुलिसकर्मियों ने उसका पीछा किया, घेराबंदी की और उसे पकड़ लिया।
तलाशी लेने पर उसके पास से स्टील धातु की बनी देशी पिस्टल और खाली मैगजीन मिली। पुलिस ने युवक की पहचान मदन उर्फ बादल यादव (19) के रूप में की है। वह रानी दुर्गावती वार्ड का रहने वाला है।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में मदन ने बताया कि यह पिस्टल उसके पिता अजय उर्फ अज्जू कोष्टा ने खरीदी थी। उसने यह भी बताया कि पिता के पास दो जिंदा कारतूस हैं। अब पुलिस अजय की तलाश कर रही है।
पुलिस यह भी पता लगा रही है कि पिस्टल कहां से खरीदी गई थी और उसका इस्तेमाल किसी आपराधिक वारदात में तो नहीं होना था। गिरफ्तार किए गए युवक से पूछताछ अभी जारी है।
पुलिस के अनुसार अजय उर्फ अज्जू कोष्टा (45) थाना क्षेत्र का सक्रिय निगरानी बदमाश है। उसके खिलाफ चोरी, नकबजनी और मारपीट सहित 35 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं।
इस मामले में कोतवाली पुलिस ने मदन और अजय दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25/27 और बीएनएस की धारा 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है। यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक कृष्ण लालचंदानी के निर्देशन में की गई, जबकि एएसपी दीपक मिश्रा और सीएसपी चंचलेश मरकाम ने इसमें मार्गदर्शन दिया।
गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।