शिवपुरी में साथ चलने से मना करने पर महिला की पिटाई का आरोप, तीन पर केस दर्ज
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
शिवपुरी के सतनवाड़ा थाना क्षेत्र में 45 साल की महिला ने तीन लोगों पर लाठी-डंडों से पीटने का आरोप लगाया है। महिला अस्पताल में भर्ती है और पुलिस जांच कर रही है।
शिवपुरी जिले के सतनवाड़ा थाना क्षेत्र में एक 45 साल की महिला के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। महिला का आरोप है कि तीन लोगों ने उससे अपने साथ चलने को कहा और उसके मना करने पर लाठी-डंडों से पीटा। इस मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक महिला मंगलवार शाम करीब 6:30 बजे गांव में पप्पू आदिवासी की दुकान पर सामान लेने गई थी। वहां उसकी मुलाकात सतीष आदिवासी, मन्ना आदिवासी और उसके छोटे भाई से हुई। दुकान के पास इन लोगों से उसकी कहासुनी हुई।
महिला का आरोप है कि तीनों ने पहले उससे गाली-गलौज की और फिर अपने साथ चलने को कहा। जब उसने साथ जाने से मना कर दिया तो आरोपियों ने उसे जमीन पर पटक दिया और लात-घूंसों के साथ डंडों से भी पीटा। महिला ने पीठ, कमर और गुप्तांग पर डंडे से वार करने का आरोप लगाया है।
घटना की जानकारी मिलने पर महिला के पति उसे एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज शिवपुरी ले गए। घायल महिला अभी वहीं भर्ती है और उसका इलाज चल रहा है।
मेडिकल कॉलेज से मिली देहाती नालसी के आधार पर सतनवाड़ा थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 147/2026 दर्ज किया है। पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 296(ए), 115(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस महिला के लगाए आरोपों की जांच कर रही है।
गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।