रविवार, 15 नवंबर 2026

अभी सब्सक्राइब करें
प्राइम अलर्ट
सारे लाइव अपडेट

शिवपुरी में राष्ट्रीय स्कूली एथलेटिक्स शुरू, सिंधिया ने कहा खेलों में भी आगे है मध्यप्रदेश

खाली एथलेटिक्स ट्रैक, घास का मैदान, बाधाएं और स्टैंड शाम की रोशनी में दिख रहे हैं तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
खेल PT24 खेल डेस्क

शिवपुरी में गुरुवार को 70वीं राष्ट्रीय स्कूली एथलेटिक्स प्रतियोगिता की शुरुआत हुई। माधवराव सिंधिया खेल परिसर में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने इसका उद्घाटन किया।

यह प्रतियोगिता 17 साल तक के बालक वर्ग की है। इसमें 28 राज्यों, 8 केंद्र शासित प्रदेशों और अलग-अलग शिक्षा बोर्ड की कुल 38 टीमों के 765 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। सिंधिया ने ध्वज फहराया और मार्च पास्ट की सलामी ली। उन्होंने खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।

खिलाड़ियों से बात करते हुए सिंधिया ने कहा कि मध्यप्रदेश की धरती खेती के साथ खेलों के मामले में भी आगे है। उनके मुताबिक इस धरती ने देश को कई ऐसे खिलाड़ी दिए हैं, जिन्होंने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि आज यहां देश की युवा शक्ति बैठी है और इन्हीं में से कोई खिलाड़ी एक दिन ओलंपिक के पोडियम पर तिरंगे का मान बढ़ाएगा।

सिंधिया ने कहा कि खेल सिर्फ शारीरिक ताकत दिखाने का जरिया नहीं हैं, इनसे अनुशासन और नेतृत्व की क्षमता भी बढ़ती है। उन्होंने कहा कि पहले कहा जाता था कि खेलोगे तो पढ़ाई से दूर हो जाओगे, लेकिन आज का भारत कहता है कि खेलोगे तो लाजवाब बनोगे। उन्होंने सभी खिलाड़ियों से पूरी मेहनत से खेलने और अपने परिवार, प्रदेश व देश का नाम रोशन करने को कहा।

मंच से खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने के बाद सिंधिया अलग-अलग राज्यों की टीमों के बीच पहुंचे और खिलाड़ियों से बातचीत की। गुजरात के खिलाड़ियों से उन्होंने गुजराती में पूछा, 'केम छो, मजा में हो न।'

100 मीटर दौड़ की हीट रेस के दौरान सिंधिया ट्रैक पर पहुंचे। उन्होंने 'ऑन योर मार्क, सेट, गो' बोलकर दौड़ शुरू कराई। साथ ही उन्होंने खिलाड़ियों से भारत माता के जयकारे भी लगवाए।

स्वागत भाषण में जिला शिक्षा अधिकारी आकाश सिंह यादव ने देशभर से आए खिलाड़ियों का स्वागत किया। कलेक्टर अर्पित वर्मा और एसपी यांगचेन डोलकर भूटिया ने सिंधिया का स्वागत किया और उन्हें प्रतियोगिता का बैज लगाया।

#इंदौर#खेल#PT24#Sports#Indore

गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।

विज्ञापन