शहडोल के दुलादर में नमक के नाम पर अंगूठे लगवाए, राशन नहीं मिलने का आरोप
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
गोहपारू विकासखंड की ग्राम पंचायत दुलादर के ग्रामीणों का आरोप है कि अंगूठा लगवाकर अनाज नहीं दिया गया, जबकि रिकॉर्ड में जून का राशन बंटा दिखाया गया। जनपद सदस्य सरोज यादव ने जांच मांगी है।
शहडोल जिले के गोहपारू विकासखंड की ग्राम पंचायत दुलादर में राशन वितरण में गड़बड़ी का आरोप लगा है। ग्रामीणों का कहना है कि उचित मूल्य दुकान पर नमक देने के नाम पर उनसे बायोमैट्रिक मशीन पर अंगूठे लगवाए गए, लेकिन अनाज उन्हें नहीं मिला। इसके बावजूद सरकारी रिकॉर्ड में उनके नाम से जून का राशन बंटा हुआ दिखाया जा रहा है।
इस मामले की शिकायत जनपद पंचायत गोहपारू के क्षेत्र क्रमांक 09 की सदस्य सरोज यादव ने जिला खाद्य अधिकारी से की है। शुक्रवार को उन्होंने दोबारा शिकायत की और पीओएस मशीन के रिकॉर्ड की जांच कराने की मांग रखी।
शिकायत के मुताबिक उचित मूल्य दुकान की संचालिका प्रिया सिंह ने ग्रामीणों को नमक लेने के लिए बुलाया था। उसी दौरान मशीन पर उनके अंगूठे लगवाए गए। आरोप है कि जून के राशन वितरण की पर्चियां निकाली गईं, लेकिन हितग्राहियों को न पर्ची दी गई और न ही अनाज मिला।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि कुछ ग्रामीणों ने जब राशन न मिलने पर आपत्ति जताई, तो उन्हें अनाज दे दिया गया। बाकी गरीब और आदिवासी परिवार खाली हाथ लौट गए।
सरोज यादव ने दावा किया है कि सैकड़ों गरीब परिवार राशन से वंचित रह गए। ग्रामीणों ने मांग की है कि पीओएस मशीन के रिकॉर्ड, स्टॉक रजिस्टर और हितग्राहियों के बयानों का मिलान कर जांच कराई जाए। साथ ही उन्होंने दोषियों पर कार्रवाई करने की भी मांग की है।
गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।