रतनगढ़ माता के दरबार में दो दिन में 20 लाख से ज्यादा भक्त, बुधवार को भी लगी भीड़
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
रतनगढ़ माता मंदिर में दीपावली दौज का मेला बुधवार को भी चला। प्रशासन के मुताबिक दो दिन में 20 लाख से ज्यादा श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं और शाम तक आंकड़ा 30 लाख पार हो सकता है।
रतनगढ़ माता मंदिर में दीपावली दौज का मेला बुधवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। मंगलवार को दौज तिथि लगते ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचने लगे थे। बुधवार सुबह से भी परिसर में भक्तों की भीड़ बनी रही।
प्रशासन के अनुसार बुधवार दोपहर 12 बजे तक 4 लाख से ज्यादा श्रद्धालु माता के दर्शन कर चुके थे। मंगलवार शाम तक 16 लाख श्रद्धालुओं के दर्शन करने और करीब 10 हजार सर्पदंश पीड़ितों के बंध कटने का दावा किया गया था। इन दोनों को जोड़ें तो दो दिन में दर्शन करने वालों की संख्या 20 लाख के पार चली गई, जबकि बंध कटवाने वालों की संख्या 11 हजार से ऊपर पहुंच गई। प्रशासन का अनुमान है कि बुधवार शाम तक श्रद्धालुओं का आंकड़ा 30 लाख को पार कर सकता है।
इस बार पंचांग के हिसाब से दौज तिथि मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे शुरू हुई। प्रशासन ने मंदिर और पार्किंग परिसर में लगातार अनाउंसमेंट करके श्रद्धालुओं से अपील की थी कि वे दौज तिथि में ही मंदिर आएं। इसके बावजूद सोमवार शाम से ही लोगों का रतनगढ़ पहुंचना शुरू हो गया था। यानी तिथि लगने से करीब 14 घंटे पहले ही बंध कटने का सिलसिला चल पड़ा।
सिंध नदी में स्नान करने के बाद कई श्रद्धालुओं को मैर, यानी बेहोशी, आने लगी। परिजन ऐसे लोगों को कुंवर बाबा मंदिर लेकर पहुंचे। वहां जल छिड़ककर और नीम की टहनी का झोंका देकर बंध काटने की परंपरा निभाई गई। कोई स्ट्रेचर पर लेटकर कुंवर बाबा के दरबार तक पहुंचा, तो कोई परिजनों के कंधों पर।
माता मंदिर से कुंवर बाबा मंदिर तक करीब 400 मीटर का परिसर तीन दिन तक आस्था और लोक परंपराओं के रंग में डूबा रहा। श्रद्धालु पैदल परिक्रमा करते दिखे। कई लोग लांगुरिया गीत गाते और नाचते रहे। अलग-अलग दलों ने मोनिया नृत्य पेश किया। ढोलक की थाप, घुंघरुओं की आवाज और माता के जयकारों से पूरा परिसर गूंजता रहा। हाथों में मोरपंख लेकर नाचते कलाकार और श्रद्धालु लोगों के आकर्षण का केंद्र बने रहे।
गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।